दुनिया

यूक्रेन में रूस के हमले में 10 लोगों की मौत, बातचीत के लिए जेलेंस्की तुर्किये रवाना

यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात भर 476 यूक्रेनी ठिकानों पर डिकॉय ड्रोन से हमले किये तथा विभिन्न प्रकार की 48 मिसाइलें दागीं। जेलेंस्की ने मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, ‘आम जीवन के खिलाफ हर बेशर्म हमला यह दर्शाता है कि रूस पर (युद्ध रोकने के लिए) दबाव अपर्याप्त है।’

Image

यूक्रेन के शहरों पर रूस कर रहा ड्रोन से हमले। तस्वीर-AP

Photo : AP

Russia Ukraine War: यूक्रेन में मंगलवार रात रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में 10 लोगों की मौत हो गई और 37 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रूस पर दबाव बनाने के प्रयासों के तहत तुर्किये में वार्ता करने वाले हैं। गृह मंत्री इहोर क्लिमेंको के अनुसार, पश्चिमी यूक्रेन के शहर टेरनोपिल में नौ मंजिला दो अपार्टमेंट ब्लॉक पर रात में हमले हुए। हमले में कम से कम 37 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें 12 बच्चे भी शामिल हैं।

476 यूक्रेनी ठिकानों पर डिकॉय ड्रोन से हमले किए

यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रात भर 476 यूक्रेनी ठिकानों पर डिकॉय ड्रोन से हमले किये तथा विभिन्न प्रकार की 48 मिसाइलें दागीं। जेलेंस्की ने मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, ‘आम जीवन के खिलाफ हर बेशर्म हमला यह दर्शाता है कि रूस पर (युद्ध रोकने के लिए) दबाव अपर्याप्त है।’ जेलेंस्की ने कहा कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग करने और उनपर अधिक अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने के अपने प्रयासों के तहत बुधवार को तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन से मुलाकात करेंगे।

खारकीव में, रूसी ड्रोन हमला, 46 घायल

यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर, उत्तर-पूर्वी खारकीव में, रूसी ड्रोन हमलों में दो लड़कियों समेत 46 लोग घायल हो गए। खारकीव के क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव ने टेलीग्राम पर कहा कि ड्रोन हमलों ने कम से कम 16 आवासीय भवनों, एक एंबुलेंस स्टेशन, स्कूल और अन्य नागरिक ढांचों को निशाना बनाया। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन ने मंगलवार को रूसी शहर वोरोनिश पर अमेरिका द्वारा निर्मित चार एटीएसीएमएस मिसाइलें दागीं।

चारों मिसाइलों को नष्ट किया

मंत्रालय ने बताया कि चारों मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया, लेकिन मलबे से एक अनाथालय और एक वृद्धावस्था केंद्र को नुकसान पहुंचा। मंत्रालय ने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

(इनपुट भाषा)

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article