Year Ender 2025: साल 2025 में सोशल मीडिया ने हमें कई यादें दी। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कई नई चीजें सीखने का मौका मिला। इनमें से तो कुछ सोशल मीडिया ट्रेंड भी बन गए। इस साल कई ऐसे नए ट्रेंड वायरल हुए, जिन्हें इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर देखने के बाद यूजर्स खुद को इन्हें आजमाने से रोक ही नहीं पाए।
सोशल मीडिया पर वायरल ट्रेंड्स
आज हम आपको इस साल के ऐसे ही उन 5 ट्रेंड्स के बारे में बताएंगे, जिन्होंने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। लगभग हर एक सोशल मीडिया यूजर ने इस ट्रेंड को फॉलो किया और खुद के वीडियो और फोटोज़ पोस्ट किए। इसी भेड़ चाल में कई मशहूर हस्तियों ने भी इस ट्रेंड को फॉलो किया।
वॉटर बॉटल फाउंटेन ट्रेंड
इस साल की शुरुआत में जो सबसे पहले ट्रेंड आया था, वो था बोतल से फव्वारा बनाने का ट्रेंड, जिसे वॉटर बॉटल फाउंटेन ट्रेंड भी कहा गया। जिसमें लोग बोतल के ऊपर वाले हिस्से में छेद करके उसे फव्वारे की तरह बना देते थे, फिर वे किसी स्ट्रीट लाइट के नीचे अपने पार्टनर को गोद में उठाकर बोतल को दबाते हुए फव्वारे से पानी बरसाते थे और फिर उसे स्लो-मोशन में शूट करके पोस्ट करते थे। इसके छोटे-छोटे वायरल क्लिप्स इंस्टाग्राम रील्स और यूट्यूब शॉर्ट्स पर सबसे ज्यादा देखे गए।
हल्दी-पानी और लाइट का जादुई ट्रेंड
इसके बाद सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड भी खूब चला, जिसमें लोग एक शीशे के ग्लास में पानी भरकर उसे मोबाइल के फ्लैशबैक लाइट के ऊपर रख देते थे। फिर वे उस ग्लास में हल्दी पाउडर गिराते थे। लाइट में पानी के अंदर हल्दी के गिरने का इफेक्ट किसी जादू से कम नहीं दिखता था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस ट्रेंड को लाखों यूजर्स ने फॉलो किया और अपने वीडियो बनाकर उसे पोस्ट किए।
गिबली इमेज ट्रेंड
इस ट्रेंड के बाद आया गिबली इमेज ट्रेंड, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स को अपने मायाजाल में फंसा लिया। हर कोई अपनी तस्वीर को एनीमे कैरेक्टर में बदलकर पोस्ट कर रहा था। Ghibli स्टाइल इमेज 2025 का सबसे बड़ा और सबसे प्यारा ट्रेंड रहा। इसमें लोग AI टूल्स की मदद से अपनी फोटो को जापानी एनीमे फिल्मों जैसा लुक देने लगे। घर, सड़क, पालतू जानवर, परिवार, और कपल्स सबको एक एनीमे ड्रीम-लैंड में बदलकर पोस्ट किया जा रहा था। इस ट्रेंड के वायरल होने के पीछे सबसे बड़ी वजह ये थी कि ये एक साधारण फोटो को भी जादुई, खूबसूरत और कहानी जैसी दिखाने लगती थी।

Ghibli स्टाइल इमेज (AI)

Ghibli स्टाइल इमेज (AI)
AI 3D इमेज ट्रेंड- अपने ही मिनी 3D अवतार बनाने का क्रेज
इसी ट्रेंड को देखते हुए बाद में एक और ट्रेंड शुरू हुआ। जो साल 2025 की दूसरी सबसे बड़ी लहर थी। इस ट्रेंड का नाम था AI 3D इमेज, जिसे “Nano Banana Trend” के नाम से भी जाना गया। इसमें आपकी साधारण फोटो को एक क्यूट 3D फिगरिन में बदल दिया जाता था। मानो जैसे कोई खिलौना, डॉल या गेम-कैरेक्टर हो। इस ट्रेंड को फॉलो करते हुए लगभग हर एक यूजर अपना ही मिनी 3D अवतार बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट करने लगा। यह ट्रेंड पूरी दुनिया में इतना वायरल हुआ कि सेलेब्रिटीज भी अपने 3D वर्जन बनाकर शेयर करने लगे।

AI 3D इमेज ट्रेंड (AI)

AI 3D इमेज ट्रेंड (AI)
रेट्रो फोटो ट्रेंड
थोड़े समय बाद ऐसा ही एक और ट्रेंड सोशल मीडिया की दुनिया में आया, जिसमें लोग अपनी पुरानी फोटो, जैसे स्कूल, कॉलेज, बचपन या फिर अपने शुरुआती करियर की, देखकर उन्हें नए स्टाइल में पोस्ट करने लगे। AI टूल्स ने इन्हें पुराने कैमरे का लुक, फिल्म ग्रेन, हल्का धुंधला और 90’s का विंटेज टच देकर और भी खूबसूरत बना दिया। यह सिर्फ एक फोटो-ट्रेंड नहीं था, बल्कि यह अपनी पुरानी यादें और इमोशन्स की वापसी थी।

रेट्रो फोटो ट्रेंड (AI)
