वायरल न्यूज़

Viral Video: एयरपोर्ट पर बच्चे के साथ खेलती दिखीं तीन एयर होस्टेस, इंटरनेट पर बरसा लाखों लोगों का प्यार

Airport Viral Video: एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार कर रहे एक कपल के छोटे बच्चे के साथ इंडिगो की एयर होस्टेस और केबिन क्रू ने प्यार से समय बिताया। उन्होंने बच्चे को गोद में लेकर उससे खेला और उसे हंसाया। यह छोटा सा पल परिवार के लिए बेहद खास बन गया।

Image

Trending video: एयरपोर्ट की भीड़ में बना प्यारा पल (फोटो: Instagram/khayarphy)

Cute Airport Video: हवाई सफर करना अपने आप में एक अलग अनुभव होता है, लेकिन जब माता-पिता छोटे बच्चे के साथ यात्रा करते हैं तो यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। बच्चे को संभालना, उसे शांत रखना और लंबा इंतजार कराना आसान नहीं होता। हाल ही में एक कपल के साथ एयरपोर्ट पर घटी एक छोटी-सी घटना सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है। दरअसल, एक परिवार अपने छोटे से बच्चे के साथ एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट पर बैठकर फ्लाइट का इंतजार कर रहा था। चारों तरफ सामान्य एयरपोर्ट जैसा माहौल था, कहीं लोग जल्दी में भाग रहे थे, तो कहीं यात्री अपनी उड़ान की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच इंडिगो एयरलाइन की एक एयर होस्टेस मुस्कुराते हुए उस परिवार के पास आईं।

अपने दूसरे साथियों के पास बच्चे को ले गई एयर होस्टेस

उन्होंने बच्चे को देखकर प्यार से कहा कि वह बहुत प्यारा है और पूछा कि क्या वह उसे थोड़ी देर के लिए गोद में ले सकती हैं। माता-पिता ने भी मुस्कुराते हुए इसकी अनुमति दे दी। इसके बाद एयर होस्टेस बच्चे को अपने साथियों के पास ले गईं। कुछ ही देर में बच्चा इंडिगो के कई केबिन क्रू सदस्यों से घिर गया। सभी क्रू मेंबर वर्दी में थे और बहुत प्यार से उसके साथ समय बिताने लगे। कोई उसे गोद में लेकर हंस रहा था, तो कोई उससे बातें कर रहा था। बच्चे के चेहरे पर भी खुशी साफ दिखाई दे रही थी। एयरपोर्ट की भागदौड़ के बीच यह छोटा-सा पल बेहद खास बन गया।

इंटरनेट पर खूब देखा जा रहा है वीडियो

बच्चे की मां के अनुसार, यह पूरा पल बहुत प्यारा और यादगार था। उन्होंने इस घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों को यह पल बहुत पसंद आया और कई यूजर्स ने इंडिगो के स्टाफ की तारीफ की। इस घटना का असर बच्चे पर भी पड़ा। अब जब भी उनके घर के ऊपर से कोई हवाई जहाज उड़ता है, तो बच्चा तुरंत बाहर भागकर आसमान की ओर देखने लगता है और खुशी से हाथ हिलाने लगता है। इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर khayarphy नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अभी तक लाखों लोगों ने देखा है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article