Devdas Recreate Viral Video : संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास लगभग सभी ने देखी होगी। इस फिल्म को उनकी सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक माना जाता है। इस फिल्म में कई ऐसी चीजें देखने को मिली थीं जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन के बेजोड़ अभिनय से लेकर माधुरी दीक्षित का मंत्रमुग्ध कर देने वाले डांस तक फिल्म में सभी चीजें काफी बेहतर ढंग से प्रस्तुत की गई थीं। वहीं, दिखाए गए रॉयल सेट ने भी फिल्म की भव्यता में चार चांदा लगा दिए थे। संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में बहुत सी ऐसी चीजें थीं, जिन्हें लोगों ने पसंद किया था।
इस बेहतरीन फिल्म की एक्टिंग से लेकर इसके पात्रों की नकल को आज भी लोग पसंद करते हैं। समय-समय पर देवदास के कई दृश्यों को लोगों ने दोबारा बनाने की कोशिश की है। देवदास फिल्म के 21 साल पूरे होने पर ऐसा ही एक वीडियो आजकल वायरल हो रहा है। इसमें छोटी लड़की द्वारा देवदास के एक दृश्य को रीक्रिएट किया गया है। दरअसल, वीडियो को कियारा खन्ना के पेज से इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वे प्रतिष्ठित फिल्मों के कठिन मोनोलॉग की नकल करने के लिए इंस्टाग्राम पर काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में बच्ची को पारो (ऐश्वर्या) की नकल करते देखा जा सकता है। उस सीन में पारो देव (शाहरुख) को ठकुराइन के रूप में अपने गुरूर को दिखाती है।
वीडियो को शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा है, 'फिल्म #देवदास से पारो, संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास में पारो के रूप में @aishwaryaraibachchan_arb का अभिनय उल्लेखनीय और यादगार है। वह इस दुखद रोमांटिक कहानी में लालित्य, सौंदर्य और दर्द प्रदर्शित करती है। उनका अभिनय उनकी भूमिका की पीड़ा, इच्छा और दृढ़ संकल्प को प्रभावी ढंग से व्यक्त करता है। आशा है आपको मेरा प्रयास पसंद आएगा।' बता दें कि इस पोस्ट को अब तक 65 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। लोग छोटी बच्ची की अविश्वसनीय अभिनय क्षमता देखकर दंग रह गए। कई लोगों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अन्य लोगों ने टिप्पणी की कि छोटी कियारा का बॉलीवुड में उज्ज्वल भविष्य होगा।
