वायरल न्यूज़

VIDEO: कुत्ते को पकड़ने आया था तेंदुआ, खुद घर में हो गया कैद, 5 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

कुत्ते का पीछा करते-करते एक तेंदुआ खुद घर में कैद हो गया। जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। तेंदुए के रेस्क्यू के लिए वन विभाग की टीम को बुलाया गया और 5 घंटे के बाद उसे निकाला गया।

Image

घर में कैद हुआ तेंदुआ (X/@PTI)

वायरल न्यूज (Viral News): तमिलनाडु के नीलगिरी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तेंदुआ कुत्ते का पीछा करते-करते एक घर के अंदर घुस गया लेकिन कुछ ही देर बाद वह खुद उसी घर में फंस गया। जिसका एक वीडियो (Video) भी सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी।

कुत्ते का पीछा करते-करते घर में घुसा तेंदुआ

यह घटना मसिनागुडी के पास स्थित मयार गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किसान एन. शिवकुमार के घर के पास उनका एक पालतू कुत्ता था। बुधवार रात करीब 9:15 बजे अचानक तेंदुआ वहां पहुंच गया और कुत्ते का पीछा करने लगा। कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर शिवकुमार बाहर आए। उन्होंने देखा कि तेंदुआ कुत्ते के पीछे दौड़ रहा है। इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर घुस गया। ऐसे में मामले की गंभीरता को समझते हुए शिवकुमार ने तुरंत घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे तेंदुआ अंदर ही फंस गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

परिवार ने बाहर से लगाया ताला

घर के अंदर फंसने के बाद तेंदुआ बेचैन हो गया। वह बार-बार घर की खिड़की पर झपटने लगा और बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। हालांकि हैरानी की बात यह रही कि उसने घर के अंदर मौजूद कुत्ते को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने सबसे पहले आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और शोर न मचाने की सलाह दी, ताकि तेंदुआ भड़के नहीं। वन विभाग के अधिकारियों ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक टीम ने इलाके को खाली कराया और करीब पांच घंटे की मेहनत के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

सुरक्षित तरीके से तेंदुए को किया गया रेस्क्यू

रेस्क्यू के दौरान अधिकारियों ने घर के दरवाजे के सामने एक खास तरह का ऑटोमैटिक पिंजरा लगाया। जैसे ही दरवाजा खोला गया, तेंदुआ बाहर निकलने के लिए दौड़ा और सीधे पिंजरे में पहुंच गया। इसके बाद पिंजरे का दरवाजा अपने आप बंद हो गया और तेंदुआ सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। वन अधिकारियों ने तेंदुए की स्वास्थ्य जांच की। जांच में पता चला कि उसे कोई चोट नहीं लगी थी। वह केवल लंबे समय तक बंद रहने के कारण तनाव में था। इसके बाद वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित रूप से मुदुमलाई टाइगर रिजर्व के सिगुर क्षेत्र में ले गई और उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article