वायरल न्यूज़

VIDEO: 20 रुपये और एक चिट्ठी ने जीत लिया ग्राहक का दिल, रेस्तरां की ईमानदारी हुई Viral

एक रेस्तरां की ईमानदारी और शानदार कस्टमर सर्विस का वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। यह वीडियो लोगों का दिल भी जीत रहा है।

Image

रेस्तरां की ईमानदारी और शानदार कस्टमर सर्विस का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। (Instagram/@thesweetcravings_byshriya)

आजकल ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। लेकिन कई बार ऑर्डर में कोई सामान कम निकल जाए या गलत आइटम आ जाए, तो ग्राहक नाराज हो जाते हैं। हालांकि, हाल ही में एक रेस्तरां ने अपनी ईमानदारी और शानदार ग्राहक सेवा से लोगों का दिल जीत लिया। इसका वीडियो (Video) अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ऑर्डर में नहीं मिला पसंदीदा आइटम

यह वायरल वीडियो (Viral Video) इंस्टाग्राम यूजर श्रीया ने शेयर किया है। उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "सबसे छोटे इशारे सबसे बड़ा असर छोड़ते हैं।" वीडियो में दिखाया गया कि उन्होंने रेस्तरां से चीज़ी मोमोज़ का ऑर्डर दिया था, लेकिन जब रेस्तरां ऑर्डर तैयार कर रहा था, तब चीज़ी मोमोज़ स्टॉक में खत्म हो चुके थे। ऐसी स्थिति में कई जगह बिना बताए कोई दूसरा आइटम भेज दिया जाता है या फिर ग्राहक को बाद में पता चलता है कि उसका ऑर्डर बदल गया है। लेकिन इस रेस्तरां ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने ग्राहक के लिए सामान्य कुरकुरे मोमोज़ भेजे और साथ में 20 रुपये नकद भी रख दिए, ताकि कीमत का अंतर पूरा हो सके।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

बिना छिपाए बताई अपनी गलती

इतना ही नहीं, पैकेट के अंदर एक छोटा-सा हाथ से लिखा नोट भी रखा गया था। उसमें लिखा था कि चीज़ी मोमोज़ उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उनकी जगह कुरकुरे मोमोज़ भेजे गए हैं और पैकेट के अंदर 20 रुपये की रिफंड भी रखी गई है। आखिर में उन्होंने ग्राहक का धन्यवाद भी किया। जब श्रीया ने पैकेट खोला और यह नोट देखा, तो वह काफी खुश हो गईं। उन्होंने इस पूरे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। देखते ही देखते वीडियो वायरल (Video Viral) हो गया और हजारों लोगों ने रेस्तरां की ईमानदारी की तारीफ की।

रेस्तरां के इस कदम ने सोशल मीडिया पर बटोरी वाहवाही

कमेंट सेक्शन में लोगों ने कहा कि हर बिजनेस को अपने ग्राहकों के साथ ऐसा ही व्यवहार करना चाहिए। एक यूजर ने लिखा, "ऐसे रेस्तरां को जरूर सपोर्ट करना चाहिए।" वहीं दूसरे ने कहा, "20 रुपये से ज्यादा कीमती उनकी ईमानदारी है।" यह कहानी सिर्फ 20 रुपये की रिफंड या मोमोज़ की नहीं है। असली बात उस भरोसे और सम्मान की है, जो रेस्तरां ने अपने ग्राहक के लिए दिखाया। अगर वे चाहते, तो बिना बताए दूसरा आइटम भेज सकते थे, लेकिन उन्होंने सच बताना और माफी मांगना ज्यादा सही समझा।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article