वर्क लाइफ बैलेंस आज के समय में सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है। खासतौर पर कॉर्पोरेट सेक्टर और प्राइवेट सेक्टर में, हाल में इसी एक ऐसा ही मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक कर्मचारी ने अपने इसी दर्द को बयां किया है। इस पोस्ट को @r/developersIndia नाम के अकाउंट से रेडिट पर शेयर की गई है। इस पोस्ट में कर्मचारी ने बताया कि उसकी सगाई और शादी से ठीक पहले उसे एक बेहद ही तनावभरे प्रोजेक्ट पर डाल दिया गया है। कर्मचारी का कहना है कि ऑफिस में हर काम को “हाई प्रायोरिटी” बताया जाता है, लेकिन न तो कोई साफ प्लानिंग है और न ही किसी की जिम्मेदारी तय है।
सांस लेने की भी फुर्सत नहीं
कर्मचारी ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रोजेक्ट में कई मैनेजर हैं, लेकिन कोई भी सही तरीके से काम करवाने में सक्षम नहीं है। दिनभर जूम कॉल्स, हर घंटे अपडेट मांगना और जरा भी भरोसा न करना यही उनकी डेली लाइफ का हिस्सा बन चुका है। माइक्रो-मैनेजमेंट इतना ज्यादा है कि सांस लेने की भी फुर्सत नहीं मिलती। हालात और खराब तब हो गए जब कंपनी ने जियो-फेंसिंग लागू कर दी। अब कर्मचारी बेस लोकेशन से 120 किलोमीटर से ज्यादा दूर रहकर काम नहीं कर सकता। वहीं, उसके लीड्स ना तो ऑनसाइट काम संभाल रहे हैं और ना ही ऑफसाइट, बल्कि सिर्फ मैनेजमेंट को खुश करने में लगे हुए हैं।
“शादी कोई इमरजेंसी नहीं है”
कर्मचारी ने यह भी बताया कि उसने दो महीने पहले ही अपने मैनेजर्स को सगाई और शादी की जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद किसी ने भी पहले से प्लानिंग नहीं की और अब उससे वीकेंड पर भी काम करने की उम्मीद की जा रही है। सबसे ज्यादा दुख की बात यह रही कि एक सीनियर मैनेजर ने साफ शब्दों में कह दिया कि, “शादी कोई इमरजेंसी नहीं है।”

कर्मचारी का वायरल पोस्ट (reddit/@r/developersIndia)
पोस्ट पर लोगों ने दी शख्स को अपनी सलाह
इतना ही नहीं, कर्मचारी का कहना है कि मार्च में उसे इस प्रोजेक्ट से रिलीज भी कर दिया जाएगा। शादी अब टाली नहीं जा सकती और वह समझ नहीं पा रहा कि इस हालात से कैसे निपटे। इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। जहां एक यूजर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, “जब हर चीज प्रायोरिटी हो, तो असल में कोई भी प्रायोरिटी नहीं होती।” दूसरे ने सलाह दी कि अगर सेविंग्स हैं, तो कुछ समय बिना नौकरी के भी मैनेज किया जा सकता है, लेकिन शादी को नजरअंदाज करने का पछतावा जिंदगी भर रह सकता है। एक अन्य यूजर ने अपने अच्छे मैनेजर का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उसकी सगाई के दिन गलती से कॉल करने के बाद मैनेजर ने माफी मांगी और उसे दिन एन्जॉय करने को कहा। उस छोटे से पल ने मैनेजर के लिए सम्मान और बढ़ा दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
