वायरल न्यूज़

अरे वाह! सरदार जी ने तो कमाल ही कर दिया, रंग-बिरंगे रूमाल को सिलकर बना दी शर्ट, घनघोर क्रिएटिविटी की आप भी करेंगे तारीफ

सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि शख्स अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करते हुए रुमालों को जोड़कर एक डिजाइनर शर्ट बना रहा है।

Image

शख्स ने रुमाल से बनाई शर्ट (Instagram/@parambanana)

फैशन का मजा ही यही है कि इसमें कुछ भी हो सकता है। कभी-कभी सबसे अजीब आइडिया भी सबसे बड़ा ट्रेंड बन जाता है। आजकल सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स ने साधारण कॉटन के रंग-बिरंगे रुमालों से पूरी की पूरी शर्ट बना डाली है। जी हां, वही पुराने फूलों वाले रुमाल जिन्हें हम जेब में रखते थे।

फ्लोरल प्रिंट वाले रुमालों से शख्स ने बना डाली शर्ट

शख्स अपने पास से विंटेज फ्लोरल प्रिंट वाले स्क्वायर रुमालों का कलेक्शन निकालता है। फिर उसने सोचा कि क्यों न इनसे कुछ नया बनाया जाए। बस फिर क्या था, उसने इन रुमालों को आपस में जोड़-जोड़कर एकदम एक स्टाइलिश शर्ट तैयार कर दी। देखने में ये शर्ट इतनी खूबसूरत लग रही है कि कोई नहीं कह सकता कि ये पुराने रुमालों से बनी है।

रुमालों को जोड़कर बनाई शानदार शर्ट

वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि सबसे पहले उसने कई रुमालों को एक-दूसरे से सिलकर लंबी-लंबी चादरें बनाईं। हर किनारे को अच्छे से सिलाई किया और फिर प्रेस से इस्त्री करके बिल्कुल सपाट कर दिया ताकि शर्ट साफ-सुथरी दिखे। फिर उसने एक साधारण शर्ट का पैटर्न लिया और इन रुमाल से बने चादरों पर निशान लगाकर उनके सारे हिस्से काट दिए। आगे का हिस्सा, पीछे का हिस्सा, साथ में कॉलर वगैरह सबकुछ काट-काटकर उसे अनोखा बना दिया। कंधों वाले हिस्से के लिए उसने दो रुमालों को प्रेस से अच्छे से प्लेट्स डाले और सिल दिए।

थोड़ी काट-छांट और तैयार हो गई विंटेज शर्ट

जो रुमालों के किनारे कटे-छंटे थे, उन्हें उसने बारीक पट्टियां बनाकर एक के ऊपर एक लगाया, इससे शर्ट पर बहुत अच्छा सा टेक्सचर आ गया। बाजू के लिए उसने रुमालों को आधा काटा, बीच में थोड़ा कपड़ा डालकर खिड़की जैसा डिजाइन बना दिया। आखिर में कफ भी उसी रुमाल से बना दिए। बस कुछ घंटों की मेहनत में एकदम यूनिक, विंटेज स्टाइल वाली फूलों से भरी शर्ट तैयार हो गई।

लाखों लोगों ने देखा यह वीडियो

वीडियो को देख आपको भी लगेगा कि घर पर पड़े पुराने रुमाल अब बेकार नहीं हैं। बस हमें थोड़ी सी क्रिएटिविटी और सिलाई करनी होगी। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @parambanana नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “मेरे पुराने कॉटन रुमालों के कलेक्शन से बनाई ये विंटेज शर्ट।” इस वायरल वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा है और हजारों ने इसे लाइक किया है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article