वायरल न्यूज़

दिवाली से पहले घर की सफाई में मिला 2 लाख रुपए कैश, यूजर ने रेडिट पर शेयर की तस्वीर

दिवाली की सफाई न केवल घर को सुंदर बनाती है, बल्कि कभी-कभी खोए हुए खजानों को भी सामने ले आती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक यूजर ने कुछ ऐसे ही वाकये की कहानी लोगों के साथ शेयर की।

Image

सफाई के दौरान मिले नोट (Reddit/@r/indiasocial)

दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही लोग अपने-अपने घरों में साफ-सफाई शुरू कर देते हैं। लोगों का मानना है कि दिवाली से पहले घर को साफ करने से न सिर्फ घर चमकाना है, बल्कि मां लक्ष्मी भी अपना आशीर्वाद बनाए रखती हैं। ऐसे में दिवाली से पहले ही मां लक्ष्मी का आशीर्वाद एक रेडिट यूजर पर बरस गया, जिसे अपने घर की सफाई के दौरान अपने पुराने DTH बॉक्स में 2 लाख रुपये की कीमत के पुराने 2000 रुपये के नोट मिले। इस घटना को यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर किया है।

पुराने DTH बॉक्स से मिले छिपाए गए 2 लाख रुपए

यूजर ने बताया कि उनकी मां को सफाई के दौरान 2 लाख रुपये की कीमत के पुराने 2000 रुपये के नोट मिले, जो एक पुराने डीटीएच बॉक्स में छिपाए गए थे। यूजर ने रेडिट पर पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "2025 की सबसे बड़ी दिवाली सफाई।" यूजर ने आगे लिखा, "दिवाली की सफाई के दौरान मेरी मां को पुराने 2000 रुपये के नोटों में 2 लाख रुपये मिले, जो शायद मेरे देसी पिताजी ने नोटबंदी के समय एक पुराने डीटीएच बॉक्स में छिपाकर रखे थे। हमने अभी तक उन्हें इस बारे में नहीं बताया।"

पोस्ट पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया पर यूजर के पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने बताया कि ये 2000 रुपये के नोट अभी भी वैध हैं, भले ही इन्हें चलन से बाहर कर दिया गया हो। एक यूजर ने लिखा, "ये नोट अभी भी कानूनी रूप से मान्य हैं। इन्हें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्धारित कार्यालयों में 20,000 रुपये की सीमा के साथ बदला जा सकता है।" एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा, "काश भगवान मुझे इतना पैसा दें कि मैं 2 लाख रुपये छिपाकर भूल जाऊं।"

शख्स को सोशल मीडिया यूजर्स की सलाह

वहीं, कुछ लोगों ने सलाह दी कि नोट बदलने से पहले किसी चार्टर्ड अकाउंटेंट से सलाह ली जाए। एक यूजर ने सुझाव दिया, "RBI सेंटर पर जाने से पहले अपने CA से सलाह लें और यह तय करें कि नोट बदलने के लिए क्या कारण बताना है।" एक अन्य ने कहा, "RBI सेंटर पर जाकर डिक्लेरेशन फॉर्म भरें और नोट बदलें। ये नोट डिमोनेटाइज्ड नहीं हैं, बस चलन से हटाए गए हैं। लेकिन 5-10 बार में थोड़ा-थोड़ा करके बदलें।"

Biggest diwali Safai of 2025

सफाई के दौरान मिले पैसे (Reddit/@r/indiasocial)

भारत में 2000 रुपये के नोट की स्थिति

भारतीय रिजर्व बैंक ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये के नोट को चलन से बाहर करने की घोषणा की थी। इस महीने की शुरुआत में जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अभी भी 5,884 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट चलन में हैं। 19 मई, 2023 तक इन नोटों का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपये था, जिसका मतलब है कि अब तक 98.35% नोट वापस हो चुके हैं। इन नोटों को बदलने की सुविधा RBI के 19 कार्यालयों में उपलब्ध है, जो अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में स्थित हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article