वायरल न्यूज़

पटाखों की गूंज और डांस-मस्ती करते दिखे लोग, टोरंटो में दिवाली सेलिब्रेशन का वीडियो हुआ वायरल

दिवाली न केवल रोशनी और खुशियों का पर्व है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति की समृद्धि और एकता का भी मिसाल है। कनाडा के टोरंटो शहर में बिखरा दिवाली का रंग इस बात का जीता-जागता सबूत है कि दिवाली भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मनाई जाती है।

Image

दिवाली पर खुशियां मनाते दिखे लोग (Instagram/@yourbossgirll)

दिवाली पूरे देश भर में बड़ी ही धूमधाम से मनाई गई। सिर्फ भारत ही नहीं, दिवाली दुनिया के कई हिस्सों में भी मनाई गई। इस पर्व ने विश्व के हर एक कोने में अपनी रोशनी और खुशियां बिखेरी। दुनिया में जहां-जहां भारतीय लोग बसे हैं, वहां दिवाली का उत्सव पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। सोशल मीडिया पर दुनिया के तमाम हिस्सों से दिवाली के उत्सवों के वीडियो सामने आ रहाे हैं। न्यूजीलैंड से लेकर ऑस्ट्रेलिया, दुबई से लेकर कनाडा तक, हर जगह दिवाली को बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया।

टोरंटो में मनाई गई दिवाली

इसी कड़ी में कनाडा के टोरंटो शहर से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जहां लोग दिवाली के उत्सव पर रंगारंग कार्यक्रम करते और पटाखे जलाते नजर आए। इस वीडियो ने हर एक भारतीय का दिल जीत लिया। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @yourbossgirll नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वायरल हो रहा यह वीडियो टोरंटो की मशहूर Gerrard Street का बताया जा रहा है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने यह भी बताया कि यह जगह हर साल दिवाली के मौके पर मिनी इंडिया के रूप में तब्दील हो जाती है।

दिवाली पर सजा टोरंटो शहर

वीडियो में आप देख सकते हैं कि शहर की सड़कों के किनारे स्थित घर रंग-बिरंगी लाइट्स से सजे हुए नजर आ रहे हैं। लोग ट्रेडिशनल ड्रेस में सज-धज कर दिवाली की खुशियां मना रहे हैं। सड़कों पर वे एकजुट होकर नाचते-गाते और पटाखे जलाते नजर आ रहे हैं। आसमान में पटाखों की चमक से इस त्योहार की रौनक और भी बढ़ गई है। सड़कों पर मिठाई की दुकानें, भारतीय झंडे, सजावटी दीये और मेले जैसे लगे स्टॉल्स दिवाली के इस उत्सव को और भी शानदार बना रहे हैं।

वीडियो देख लोगों को हुआ गर्व

इस वीडियो को देखने के बाद लोग हैरान हैं और कमेंट कर बोल रहे हैं कि यह नजारा टोरंटो का नहीं, बल्कि दिल्ली या मुंबई का लग रहा है। वीडियो पर कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा, "यह हमारे भारतीय संस्कृति की ताकत को दिखाता है, जो दुनिया के हर एक कोने में पहुंचकर अपनी छाप छोड़ देती है।" इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं। लोगों को इस बात पर गर्व महसूस हो रहा है कि दिवाली अब सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया के कोने-कोने में मनाई जाती है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article