वायरल न्यूज़

हनुमान जी के बाद मां दुर्गा की भक्ति में लीन हुआ यह कुत्ता, श्रद्धालुओं ने भैरव बाबा का रूप मानकर की पूजा

दिन-रात 2 दिनों तक हनुमान मंदिर में बजरंग बली की परिक्रमा करने के बाद कुत्ता मंदिर के पास में ही स्थित नंदलाल नाम के दूसरे मंदिर जा पहुंचा। जहां उसने दुर्गा माता की मूर्ति की परिक्रमा लगानी शुरू कर दी। गांव के लोग अब उसे भैरव बाबा का रूप मान रहे हैं और उसकी पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

Image

कुत्ते को भैरव बाबा का रूप मानकर श्रद्धालु कर रहे हैं दर्शन (टाइम्स नाउ नवभारत)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया। जहां नगीना तहसील के गांव नंदपुर खुर्द में एक आवारा कुत्ते को लेकर ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे गांव को आस्था और चर्चा का केंद्र बना दिया। गांव में स्थित सैकड़ों साल पुराने हनुमान जी के मंदिर में इस कुत्ते की हरकत को ग्रामीणों ने चमत्कार मान लिया।

कुत्ता कुछ दिन पहले हनुमान जी की मूर्ति का लगा रहा था चक्कर

बताया जा रहा है कि 12 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे कुछ श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान एक स्ट्रीट डॉग अचानक मंदिर में मौजूद हनुमान जी की मूर्ति की परिक्रमा करने लगा। हैरानी की बात यह रही कि कुत्ता कई घंटों तक बिना रुके लगातार परिक्रमा करता रहा। यह नजारा देखकर धीरे-धीरे मंदिर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।

अद्भुत नजारा देख हैरान रह गए ग्रामीण

कुत्ते की लगातार परिक्रमा को देखकर ग्रामीणों ने पहले पशु विभाग की टीम को बुलाया। डॉक्टरों ने कुत्ते की जांच की और बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ है। इसके बाद श्रद्धालुओं की आस्था और भी गहरी हो गई। लोगों का मानना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है।

मां दुर्गा की मूर्ति की भी लगाई परिक्रमा

हनुमान मंदिर में दो दिन तक परिक्रमा करने के बाद कुत्ता पास में स्थित नंदलाल मंदिर पहुंच गया। यहां उसने दुर्गा माता की मूर्ति की भी परिक्रमा शुरू कर दी। चार दिन तक चली इस घटना के बाद कुत्ते ने खुद ही परिक्रमा रोक दी और दुर्गा माता के चरणों में बैठ गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई।

लोग कुत्ते को मान रहे हैं भैरव बाबा

गांव के पुजारी और स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ता भैरव बाबा के रूप में विराजमान हुआ है। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालु कुत्ते को गद्दा देकर उस पर फूल चढ़ा रहे हैं और माथा टेककर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में मेले जैसा माहौल बन गया है।

आस्था में डूबे लोग

गौर करने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले तक यही कुत्ता गांव की गलियों में भोजन की तलाश में भटकता था, लेकिन अब उसे आस्था का प्रतीक माना जा रहा है। फिलहाल गांव नंदपुर खुर्द में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है, मंदिर प्रांगण में मेला भी लगा है और लोग इसे एक दिव्य संकेत मान रहे हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article