उत्तर प्रदेश

Mirzapur News: ब्लेड वार कांड के मुख्य आरोपी की संदिग्ध मौत, गंगा में तैरती मिली लाश

Mirzapur News: मिर्जापुर के गणेशगंज ब्लेड वार के मुख्य आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ शव आज गंगा में तैरता हुआ पाया गया। पिछले 72 घंटे से फरार अब्दुल एक युवती पर धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसे ब्लेड से हमला कर लहूलुहान कर दिया था। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम रखा था। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

Image

मिर्जापुर में ब्लेडवार के आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर के चर्चित गणेशगंज ब्लेड वार कांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आज यानी मंगलवार 9 दिसंबर की सुबह उसका शव महर्षि घाट के पास गंगा में तैरता हुआ मिला। ब्लेड वार के मुख्य आरोपी अब्दुल की लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। अब्दुल की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके पड़ोसियों और इलाके के लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि गिरफ्तारी के डर से अब्दुल ने आत्म हत्या की है, लेकिन मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।

आरोपी अब्दुल पिछले 72 घंटे से फरार चल रहा था। अब्दुल पर आरोप है कि वह युवती पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था। जब युवती ने मना कर दिया तो वह युवती के घर में घुस गया और गले पर ब्लेड से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था और क्राइम ब्रांच, एसओजी व सर्विलांस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। आशंका है कि गिरफ्तारी के डर से उसके सुसाइड कर लिया।

पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अब्दुल की मौत खुदकुशी है या किसी अन्य कारण से उसकी जान गई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article