मथुरा में 2 रोड एक्सीडेंट, एक बच्ची और दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत
- Agency by: Agency
- Updated Dec 9, 2025, 11:27 PM IST
उत्तर प्रदेश के मथुरा में 2 अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की जान चली गई, जिसमें एक बच्ची और दो महिलाओं समेत पांच लोग शामिल हैं।
(सांकेतिक तस्वीर: File Photo)
मथुरा : जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में एक बच्ची व दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पहला हादसा फरह थाना क्षेत्र में सोमवार शाम आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर हुआ, जिसमें अछनेरा (आगरा) निवासी मोटरसाइकिल सवार शिब्बू अपनी ताई गुड्डी (55) व बहन रुखसार (25) तथा दो वर्ष की मासूम बेटी माही को लेकर फरह से वापस गांव की ओर लौट रहा था।
पुलिस ने बताया कि तभी पीछे से आ रहा एक ट्रक मोटरसाइकिल सवारों को रौंदते हुए चला गया, इस घटना में शिब्बू की ताई, बहन व बेटी की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर लगने से वह दूर जा गिरा। पुलिस ने बताया कि दूसरा हादसा, मगोर्रा थाने के सौंख पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ, जहां मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने उस समय टक्कर मार दी जब वे रात में खाना खाने ढाबे की ओर जा रहे थे। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को दिए हैं। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मगोर्रा क्षेत्र के गांव ऊमरी निवासी सोनू (28) व भगत सिंह (21) सोमवार रात नौ बजे ढाबे पर खाना खाने के लिए जा रहे थे, तभी मथुरा-भरतपुर मार्ग स्थित कोसीखुर्द गांव के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।