Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस ने 50,000 रुपये के इनामी व फरार हिस्ट्रीशीटर ओमप्रकाश उर्फ शाका को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में पकड़ लिया। 9 नवंबर को दबिश के समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर सिपाही देव दीक्षित को घायल करते हुए शाका मौके से फरार हो गया था। इसी घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर थाना टप्पल पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। घिरने का एहसास होते ही शाका ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में, आत्मरक्षा के तहत पुलिस की फायरिंग से उसके दोनों पैरों में गोली लग गई।
घायल शाका को पहले सीएचसी टप्पल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल और बाद में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के स्थान से एक अवैध देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए। कुछ दिन पहले ही पुलिस उसके साथी निशांत को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
