Wrong UPI Transfer Recovery: आज के समय में यूपीआई से पैसे भेजना बेहद आसान हो गया है। कुछ ही सेकंड में मोबाइल नंबर, UPI ID या QR कोड के जरिए किसी के भी खाते में पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं। लेकिन इसी सुविधा के साथ गलती की संभावना भी रहती है। कई बार जल्दबाजी में गलत UPI ID चुनने या गलत QR कोड स्कैन करने से रकम दूसरे खाते में चली जाती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल होता है कि गलत खाते में गए पैसे वापस कैसे मिलेंगे?
तुरंत नहीं मिलते पैसे वापस
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि अगर आपने खुद सही तरीके से UPI PIN डालकर ट्रांजैक्शन को मंजूरी दी और पैसे गलत व्यक्ति के खाते में चले गए तो इसे एक सक्सेसफुल UPI ट्रांजैक्शन माना जाता है। इसलिए पैसे अपने आप तुरंत वापस आने की गारंटी नहीं होती। ऐसी स्थिति में जितनी जल्दी शिकायत दर्ज की जाए उतना बेहतर है।
कैसे मिल सकते हैं पैसे वापस
गलत खाते में पैसे जाने का पता चलते ही सबसे पहले UPI ऐप में जाकर उस ट्रांजैक्शन की जानकारी नोट कर लें। इसमें Transaction ID/UPI Transaction Reference Number, तारीख, समय, रकम और जिस UPI ID या खाते में पैसे गए हैं उसकी जानकारी शामिल होनी चाहिए। ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रख सकते हैं। अब आपको शिकायत दर्ज करवानी है, जिसके लिए बैंक या UPI ऐप आपसे यह जानकारी मांग सकता है।
UPI ऐप पर तुरंत शिकायत दर्ज करें
NPCI के अनुसार UPI से जुड़ी शिकायत UPI ऐप से सीधे दर्ज की जा सकती है। जिस ऐप से आपने पेमेंट किया है, उसके संबंधित ट्रांजैक्शन को खोलकर शिकायत या Help/Support विकल्प तलाशें। वहां गलत खाते में पैसे ट्रांसफर होने से जुड़ी शिकायत दर्ज की जा सकती है। शिकायत में साफ-साफ बताएं कि आपने गलती से गलत UPI ID या व्यक्ति को भुगतान कर दिया है और रकम वापस पाने के लिए अनुरोध कर रहे हैं।
अपने बैंक से भी तुरंत संपर्क करें
केवल UPI ऐप पर शिकायत कर रुकना सही नहीं है। अपने बैंक के कस्टमर केयर या ब्रांच से भी तुरंत संपर्क करें और गलत UPI ट्रांजैक्शन की शिकायत दर्ज कराएं। बैंक को ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी दें, जहां बैंक आपकी मदद कर सकता है।
रकम पाने वाले से करें कॉन्टैक्ट
जितनी जल्दी बैंक और UPI ऐप को सूचना दी जाए, उतना बेहतर है। इसके अलावा, अगर रकम पाने वाले व्यक्ति से संपर्क संभव है और वह पैसे वापस करने के लिए तैयार है तो मामला जल्दी सुलझ सकता है। लेकिन अगर प्राप्तकर्ता रकम वापस करने से इनकार करता है, तो मामला अधिक जटिल हो सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
UPI से पैसे भेजने से पहले प्राप्तकर्ता का नाम, UPI ID और रकम दोबारा जांचना इस तरीके की परेशानी का सबसे आसान बचाव है। QR कोड स्कैन करने के बाद भी भुगतान करने से पहले स्क्रीन पर दिखाई देने वाले प्राप्तकर्ता का नाम जरूर मिलाएं। UPI PIN डालने के बाद ट्रांजैक्शन को आमतौर पर तुरंत प्रोसेस किया जाता है, इसलिए गलती होने के बाद कार्रवाई में देरी न करें।
