यूटिलिटी

टर्किश एयरलाइंस के प्लेन लीज पर लेने के सभी नियमों का करेंगे पालन: इंडिगो सीईओ

Turkish Airlines planes lease: विमानन सुरक्षा निगरानी संस्था बीसीएएस ने 15 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में तुर्किये की कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी थी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्किये ने पाकिस्तान का समर्थन किया था।

Image

IndiGo CEO Pieter Elbers

Turkish Airlines planes lease: भारतीय विमानन कंपनी इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को कहा कि टर्किश एयरलाइंस के विमानों के 'वेट लीजिंग' पर सरकार के सभी नियम का पालन करेंगे। 'वेट लीजिंग' में विमान देने वाली कंपनी ही चालक दल, रखरखाव और बीमा का इंतजाम करती है।

पिछले हफ्ते नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा था कि मंत्रालय टर्किश एयरलाइंस से पट्टे पर लिए गए विमानों के उपयोग पर इंडिगो और सुरक्षा एजेंसियों से परामर्श कर रहा है और इस बारे में आगे फैसला किया जाएगा। एल्बर्स ने पीटीआई वीडियो को बताया, ''भारत और तुर्किये के बीच उड़ानें द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौते के तहत संचालित होती हैं। हम आज अनुपालन कर रहे हैं और हम आगे भी सरकार के सभी नियमों का पालन करते रखेंगे।''

विमानन सुरक्षा निगरानी संस्था बीसीएएस ने 15 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में तुर्किये की कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी थी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्किये ने पाकिस्तान का समर्थन किया था।

इंडिगो टर्किश एयरलाइंस से पट्टे पर लिए गए दो बोइंग 777 विमानों के साथ इस्तांबुल के लिए सीधी उड़ानें संचालित कर रही है, जिनमें से प्रत्येक में 500 से अधिक सीटें हैं। इंडिगो टर्किश एयरलाइंस के साथ कोडशेयर साझेदारी के माध्यम से यूरोप और अमेरिका में 40 से अधिक स्थानों पर परिचालन भी करती है। एल्बर्स ने कहा कि भारतीय विमानन बाजार दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी बाजारों में से एक है और इंडिगो के लिए लागत नेतृत्व बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

इंडिगो की घरेलू बाजार में हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है, और इस समय वह 40 से अधिक विदेशी शहरों सहित 130 से अधिक गंतव्यों को जोड़ने वाली लगभग 2,300 दैनिक उड़ानें संचालित कर रही है। उन्होंने कहा, ''आमतौर पर भारतीय बाजार अभी भी सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी बाजारों में से एक है, कीमतें ऊपर-नीचे होती रहती हैं... परिचालन की लागत और परिचालन से आय के बीच एक संबंध होना चाहिए।''

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article