यूटिलिटी

CNG और इलेक्ट्रिक कार में क्यों लगती है आग? जानें बचाव के जरूरी तरीके और इमरजेंसी टिप्स

तेल की कीमत से बचने और बेहतर माइलेज के लिए लोग CNG कारों का इस्तेमाल करते हैं। कई लोग इलेक्ट्रिक कारों पर भी शिफ्ट हो रहे हैं लेकिन इनके साथ खतरे भी कम नहीं हैं। आइए समझते हैं कि कार में आग क्यों लगती है और बचने का तरीका है?

Image

CNG और इलेक्ट्रिक कार में क्यों लगती है आग? जानें बचाव के जरूरी तरीके और इमरजेंसी टिप्स/Photo-AI

आज यानी 18 मई की सुबह ही उत्तर पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद रोड पर भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास एक डिजायर कार में आग लगने की खबर आई है, हालांकि दमकल की टीम वक्त रहते मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के साथ कोई अनहोनी नहीं हुई, लेकिन इस आग ने कार में लगने वाली आग की चिंता को एक बार फिर से बढ़ा दिया है। कहा जा रहा है कि कार में CNG किट लगी हुई थी। इससे पहले इलेक्ट्रिक कारों में भी आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। आइए समझते हैं कि सीएनजी या फिर इलेक्ट्रिक कार में आग क्यों लगती है और इमरजेंसी में बचने का तरीका क्या है?

CNG कार में आग क्यों लगती है?

CNG कारों में आग लगने की सबसे बड़ी वजह गैस लीकेज मानी जाती है। अगर पाइपलाइन, रेगुलेटर या सिलेंडर में खराबी हो जाए, तो गैस बाहर निकल सकती है। छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके अलावा लोकल या खराब क्वालिटी की फिटिंग, समय पर सर्विस न कराना और एक्सपायर्ड सिलेंडर का इस्तेमाल भी जोखिम बढ़ा देता है।

इलेक्ट्रिक कार में आग लगने का कारण

इलेक्ट्रिक कारों में आग आमतौर पर बैटरी से जुड़ी समस्याओं के कारण लगती है। बैटरी का ओवरहीट होना, शॉर्ट सर्किट, खराब चार्जिंग सिस्टम या एक्सीडेंट के बाद बैटरी डैमेज होने से आग लग सकती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि तेज गर्मी और गलत चार्जर का इस्तेमाल भी बैटरी पर असर डालता है।

किन सावधानियों का रखना चाहिए ध्यान?

CNG और इलेक्ट्रिक दोनों तरह की कारों की नियमित सर्विस करानी बेहद जरूरी है। CNG वाहन में हमेशा अधिकृत सेंटर से ही फिटिंग और जांच करानी चाहिए। लोकल दुकान पर सीएनजी किट लगवाना हमेशा हादसे को न्योता देना होता है।

वहीं इलेक्ट्रिक कार को कंपनी द्वारा दिए गए ओरिजिनल चार्जर से ही चार्ज करना बेहतर माना जाता है। कार को लंबे समय तक तेज धूप में खड़ा करने से भी बचना चाहिए। अगर वाहन से गैस की गंध आए या बैटरी से असामान्य गर्मी महसूस हो, तो तुरंत वाहन बंद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहिए।

आग लगने पर सबसे पहले क्या करें?

अगर कार में आग लग जाए, तो घबराने की बजाय तुरंत वाहन रोककर इंजन बंद करें और सभी लोगों को सुरक्षित दूरी पर ले जाएं। आग छोटी हो तो Fire Extinguisher का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन बड़ी आग होने पर खुद बुझाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। तुरंत फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी सेवाओं को कॉल करना सबसे सुरक्षित कदम माना जाता है।

कार में क्या सामान जरूर रखें?

आपके पास सीएनजी कार हो या इलेक्ट्रिक या कोई भी कार हो तो उसमें छोटा Fire Extinguisher, फर्स्ट एड किट, इमरजेंसी टॉर्च और सेफ्टी ग्लव्स जरूर रखें। इलेक्ट्रिक कार है तो बैटरी से जुड़ी चेतावनियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। तकनीक चाहे कितनी भी आधुनिक क्यों न हो, सुरक्षा नियमों की अनदेखी बड़े हादसे में बदल सकती है। सही मेंटेनेंस, सुरक्षित ड्राइविंग और समय पर जांच से CNG और इलेक्ट्रिक कारों में आग लगने के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article