यूटिलिटी

Aadhaar App में Contact Card क्या है? बिना आधार नंबर शेयर किए मोबाइल नंबर ऐसे करें शेयर

UIDAI की ओर से Aadhaar App में आधार कार्ड धारकों को कई बेहतरीन फीचर्स की सुविधा मिलती है। इस ऐप में यूजर्स को कॉन्टैक्ट कार्ड की भी सुविधा मिलती है, जिसके साथ आधार वेरिफाइड डिटेल्स शेयर की जा सकता है।

Image

Aadhaar App में कॉन्टैक्ट कार्ड क्या है (Photo: X handle/@UIDAI)

आधार कार्ड (Aadhaar Card) एक जरूरी सरकारी डॉक्यूमेंट है, जो भारत में रहने वाले व्यक्ति की पहचान को सत्यापित करता है। बैंकिंग से लेकर सरकारी योजनाओं और कई दूसरी सेवाओं में पहचान के लिए आधार का ही इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आधार नंबर को हर जगह शेयर करने से बचना भी जरूरी है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए UIDAI की ओर से Aadhaar App में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से यूजर अपनी जरूरत के मुताबिक अपनी जानकारी शेयर कर सकता है। इन्हीं में एक खास फीचर Contact Card है।

आधार ऐप में कॉन्टैक्ट कार्ड क्या है

अगर आप किसी दूसरे व्यक्ति को अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी शेयर करना चाहते हैं तो यह काम आधार ऐप में मौजूद कॉन्टैक्ट कार्ड के जरिए कर सकते हैं। अच्छी बात ये है कि ऐप में मौजूद कॉन्टैक्ट कार्ड के साथ आपकी ये तीनों ही जानकारियां आधार वेरिफाइड होती हैं। यानी इन तीनों ही जानकारियों को आपके आधार कार्ड से वेरिफाई किया गया है।

UIDAI के मुताबिक, इस फीचर के साथ रिसीवर QR Code स्कैन कर आपका नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सीधे अपने फोन के कॉन्टैक्ट्स में सेव कर सकता है।

कब इस्तेमाल करें कॉन्टैक्ट कार्ड

Contact Card को आसान भाषा में डिजिटल कॉन्टैक्ट शेयरिंग फीचर समझ सकते हैं। इसका इस्तेमाल तब किया जा सकता है जब आपको किसी व्यक्ति के साथ अपनी डिटेल्स शेयर करनी हों। इस फीचर की खास बात यह है कि सामने वाले व्यक्ति को आपका मोबाइल नंबर सेव करने के लिए आपको नंबर बोलकर बताने या अलग से WhatsApp पर भेजने की जरूरत नहीं पड़ती।

कैसे शेयर करें कॉन्टैक्ट कार्ड

कॉन्टैक्ट कार्ज शेयर करने के लिए जरूरी है कि आपके फोन में आधार ऐप मौजूद हो। इसके साथ ही इस ऐप पर आपको अपनी आधार की जानकारियां देकर अपनी प्रोफाइल सेटअप करनी होंगी। एक बार प्रोफाइल सेटअप कर लेते हैं तोServices टैब पर आपको Contact Card का ऑप्शन मिल जाएगा। अब जिस व्यक्ति के साथ अपनी डिटेल्स शेयर करना चाहते हैं उसे इस क्यूआर कोड को भेज सकते हैं या डायरेक्ट दूसरे व्यक्ति के फोन में स्कैनर ओपन कर क्यूआर कोड स्कैन किया जा सकता है।

कहीं आधार नंबर तो नहीं हो जाएगा शेयर?

अगर आपको लग रहा है कि आधार ऐप में मौजूद इस क्यूआर कोड को शेयर करने पर आपके आधार नंबर की जानकारी भी दूसरे व्यक्ति के पास पहुंच जाएगी तो ऐसा नहीं है। Contact Card का उद्देश्य ही कॉन्टैक्ट डिटेल शेयर करना है। इस प्रक्रिया में सामने वाले को आपका आधार नंबर नहीं दिखता।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article