गर्मी अपने प्रचंड रूप में है। नौतपा भी जल्द ही शुरू होने वाला है। गर्मी बढ़ते ही लोग कूलर की ठंडी हवा पाने के लिए नई घास बदलवाने लगते हैं, लेकिन कई बार बिना घास बदले भी कूलर की कूलिंग को काफी बढ़ाया जा सकता है, हालांकि अधिकतर लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। कुछ आसान घरेलू जुगाड़ अपनाकर पुराना कूलर भी तेज और ठंडी हवा देने लगता है। आइए जानते हैं कैसे....
पानी में बर्फ और आइस पैक मिलाएं
अगर कूलर ज्यादा ठंडी हवा नहीं दे रहा, तो उसकी पानी की टंकी में बर्फ के टुकड़े या आइस पैक डाल सकते हैं। इससे पानी का तापमान कम हो जाता है और कूलर से निकलने वाली हवा ज्यादा ठंडी महसूस होती है।
खुशबू वाला कूलिंग लिक्विड भी आता है काम
आजकल बाजार में कूलर कूलिंग लिक्विड आसानी से मिल जाता है। इसे पानी में मिलाने से हवा ज्यादा ठंडी और ताजगी भरी लगती है। कुछ लोग पानी में थोड़ा सा कपूर या पुदीना अर्क भी डालते हैं, जिससे कमरे में ठंडक के साथ अच्छी खुशबू भी बनी रहती है।
टंकी और पंप की सफाई जरूरी
कई बार कूलर की घास सही होने के बावजूद धूल और गंदगी की वजह से हवा कम ठंडी आती है। इसलिए टंकी, पंप और पाइप की सफाई समय-समय पर करते रहना चाहिए। साफ कूलर ज्यादा बेहतर तरीके से हवा फेंकता है।
सही जगह पर रखें कूलर
कूलर को ऐसी जगह रखें जहां बाहर की ताजी हवा आसानी से अंदर आ सके। बंद कमरे में कूलर सही कूलिंग नहीं देता। खिड़की या दरवाजे के पास रखने से उसका असर बढ़ जाता है।
मोटर और पंखे की जांच भी जरूरी
अगर कूलर का पंखा धीमा चल रहा हो या मोटर कमजोर हो गई हो, तो हवा कम महसूस होती है। ऐसे में सर्विसिंग करवाने से कूलर की परफॉर्मेंस काफी बेहतर हो सकती है।
बिजली की बचत के साथ मिलेगी ठंडक
इन आसान उपायों से पुराना कूलर भी बेहतर कूलिंग देने लगता है। इससे नई घास बदलने का खर्च बच सकता है और कम बिजली में भी AC जैसी ठंडी हवा का एहसास मिल सकता है।
