स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में जसप्रीत बुमराह के लिए यह एक खराब दिन रहा, जहां उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। बुमराह ने इस पारी में 26 ओवर फेंके, लेकिन एक भी विकेट नहीं ले सके। उन्होंने विकेट लेने के लिए कई तरीके अपनाए। यहां तक कि अपने रन-अप में भी बदलाव किया, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। इसके चलते उनके नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
बुमराह के टेस्ट करियर में यह तीसरी बार हुआ है जब उन्होंने 26 ओवर फेंके और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। इससे पहले, 2021 में WTC फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ और उसी साल इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में भी वे 26 ओवर फेंकने के बावजूद कोई विकेट नहीं ले पाए थे। वहीं, साल 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए टेस्ट मैच में बुमराह ने 22 ओवर की गेंदबाजी की और कोई सफलता नहीं हासिल कर सके थे।
सुनील गावस्कर ने भी इस बात पर गौर किया कि दूसरी नई गेंद के साथ बुमराह की गेंदबाजी में वह धार नहीं दिखी। स्टंप्स के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए गावस्कर ने कहा, दूसरी नई गेंद के साथ, वे उतने खतरनाक नहीं दिखे जितने पहली नई गेंद के साथ थे। वेलिंगटन में पहले दिन वे काफी खतरनाक लग रहे थे और दूसरी पारी में भी उन्होंने खतरनाक गेंदबाजी की थी।
आकाश दीप ने रचा इतिहास
वहीं, तेज गेंदबाज आकाश दीप ने न्यूजीलैंड की धरती पर पांच विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बने। इस लिस्ट में मदन लाल, जवागल श्रीनाथ, जहीर खान और ईशांत शर्मा का नाम शामिल है। अब इस में आकाश दीप का भी नाम शामिल हो गया है।
न्यूजीलैंड में 5 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज-
जहीर खान: 4 टेस्ट मैच (2002–2014) में 20 विकेट, चार बार एक पारी में 5 विकेट लिए, इकॉनमी रेट 2.95 और स्ट्राइक रेट 32.2 रहा; सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/29 और 12/122 रहा।
ईशांत शर्मा: 3 टेस्ट मैच (2014–2020) में 17 विकेट, तीन बार एक पारी में 5 विकेट लिए, इकॉनमी रेट 3.46 और स्ट्राइक रेट 25.7 रहा; सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/51 और 9/162 रहा।
आकाश दीप: 19.80 की औसत से 5 विकेट, एक बार एक पारी में 5 विकेट लिए, इकॉनमी रेट 3.14 और स्ट्राइक रेट 37.8 रहा; सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/99 रहा।
मदन लाल: 1976 में एक टेस्ट मैच में 5 विकेट, एक बार एक पारी में 5 विकेट लिए, इकॉनमी रेट 2.33 और स्ट्राइक रेट 68.8 रहा; सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/134 रहा।
जवागल श्रीनाथ: 1999 में एक टेस्ट मैच में 5 विकेट, एक बार एक पारी में 5 विकेट लिए, इकॉनमी रेट 2.93 और स्ट्राइक रेट 38.8 रहा; एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/95 और पूरे मैच में 6/185 रहा।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ 2nd Test Day-2 Highlights
