यूटिलिटी

लाइनों में लगने का झंझट हुआ खत्म, Free में घर बैठे करें डॉक्टर से बात; सरकार दे रही सुविधा

अब इलाज के लिए अस्पताल की लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार की eSanjeevani सर्विस के तहत आप घर बैठे सर्टिफाइड सरकारी डॉक्टर से वीडियो कॉल के जरिए मुफ्त में परामर्श ले सकते हैं।

Image

eSanjeevani क्या है (Photo: X handle/@_DigitalIndia)

क्या आपको भी लगता है कि डॉक्टर से कंसल्ट करने के लिए घर से बाहर निकलना और काम से छुट्टी लेना जरूरी है। अगर हां तो ऐसा नहीं है। अब आपको डॉक्टर के पास विजिट करने के लिए लंबी लाइनों में खड़े होकर इंतजार करने की जरूरत नहीं है। जी हां, आप घर बैठे ही अपने फोन की मदद से डॉक्टर से बात कर सकते हैं। दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से नागरिकों को eSanjeevani प्लेटफॉर्म की सुविधा पेश की जाती है। अगर आप भी अभी तक इस सर्विस का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे तो आपको eSanjeevani के बारे में जानना चाहिए।

eSanjeevani क्या है

eSanjeevani

eSanjeevani क्या है (Photo: X handle/eSanjeevani)

eSanjeevani एक सरकारी टेलीमेडिसिन सर्विस है। इस सर्विस को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को घर बैठे डॉक्टर से सलाह लेने की सुविधा देना है। यह एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां मरीज इंटरनेट के जरिए डॉक्टर से वीडियो कॉल या ऑनलाइन कंसल्ट कर सकते हैं। इससे अस्पताल जाने की जरूरत कम हो जाती है और समय व खर्च दोनों की बचत होती है।

eSanjeevani का कैसे करें इस्तेमाल

eSanjeevani को उमंग ऐप के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। एक बार आप उमंग ऐप पर लॉग-इन कर लेते हैं तो इसके बाद सर्च आइकन का इस्तेमाल कर eSanjeevani को सर्च कर सकते हैं। eSanjeevani की जनरल सर्विस में आपको रजिस्ट्रेशन, पेसेंट प्रोफाइल, एड फैमिली मेंबर, कंसल्ट नाउ, पास्ट कंसल्टेशन जैसे ऑप्शन मिलते हैं। प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने के लिए आप खुद को रजिस्टर कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए आपको नाम, मोबाइल नंबर, डेट ऑफ बर्थ, जेंडर, घर का पता और पोस्टल कोड जैसी डिटेल्स शेयर करनी होंगी। एक बार आप खुद को रजिस्टर कर लेते हैं तो पेशेंट प्रोफाइल पर क्लिक कर आपको डॉक्टर से कंसल्ट करने का ऑप्शन मिल जाता है। कंसल्ट नाउ पर क्लिक करने के बाद सिरदर्द, पेटदर्द, जॉइंट पेन, कफ, एसिडिटी या तबियत से जुड़ी परेशानी की जानकारी देकर डॉक्टर से बात कर सकते हैं।

सर्टिफाइड डॉक्टर से होगी बात

इस प्लेटफॉर्म पर आप अपनी तबीयत को लेकर सर्टिफाइड सरकारी डॉक्टर से बात कर सकते हैं। साथ ही, बातचीत के अंत में डॉक्टर की ओर से आपको डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन भी भेजा जाता है। इस प्रिस्क्रिप्शन को दिखाकर आप नजदीकी मेडिकल स्टोर से दवाई ले सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article