Money Rule Changes From 1 August 2025 : हर महीने की पहली तारीख को कई अहम नियम बदलते हैं, जिनका आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा प्रभाव पड़ता है। जुलाई का महीना खत्म होने वाला है और अगस्त 2025 शुरू होने में बस कुछ ही दिन बाकी हैं। अगस्त में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव होने वाले हैं, जो आपके रोजाना खर्च और सुविधाओं को प्रभावित कर सकते हैं। आइए जानते हैं एक अगस्त में क्या-क्या बदलाव होंगे।
UPI के नए नियम
1 अगस्त 2025 से UPI यूजर्स के लिए नए नियम लागू होंगे, जिन्हें NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने डिजिटल पेमेंट को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बनाया है। किसी एक UPI ऐप (जैसे GPay, PhonePe, Paytm) पर दिन में अधिकतम 50 बार बैलेंस चेक किया जा सकेगा। फोन नंबर से लिंक बैंक अकाउंट की डिटेल्स देखने की लिमिट प्रति दिन 25 बार होगी। AutoPay ट्रांजैक्शन (जैसे नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन या म्यूचुअल फंड की किस्तें) अब केवल तीन स्लॉट्स में ही प्रोसेस होंगे। सुबह 10 बजे से पहले, दोपहर 1 से 5 बजे के बीच, रात 9:30 बजे के बाद। इसका मकसद सिस्टम पर लोड कम करना और ट्रांजैक्शन फेलियर की समस्या को रोकना है।
SBI क्रेडिट कार्ड बेनिफिट में कटौती
11 अगस्त 2025 से SBI ने कई को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स पर मिलने वाले फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर को बंद करने का फैसला किया है। UCO बैंक, सेंट्रल बैंक, इलाहाबाद बैंक के साथ जारी कुछ ELITE और PRIME कार्ड्स पर अब 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का इंश्योरेंस कवर नहीं मिलेगा। यह बदलाव खासकर उन ग्राहकों के लिए बड़ा झटका साबित होगा जो इंश्योरेंस बेनिफिट्स पर निर्भर थे।
LPG गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव संभव
अगस्त में भी LPG सिलेंडर की कीमतों में संशोधन हो सकता है। जुलाई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में ₹60 की कटौती हुई थी, लेकिन घरेलू गैस के दाम स्थिर रहे। इस बार घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे महंगाई से जूझ रहे यूजर्स को कुछ मदद मिल सकती है।
बदल सकते हैं CNG और PNG के रेट
तेल कंपनियां आमतौर पर हर महीने की पहली तारीख को CNG और PNG की कीमतें संशोधित करती हैं। अप्रैल 2025 के बाद से कोई बदलाव नहीं हुआ है। मुंबई में 9 अप्रैल को CNG की कीमत ₹79.50 प्रति किलोग्राम और PNG की ₹49 प्रति यूनिट तय की गई थी। अगस्त की शुरुआत में इन रेट्स में बदलाव आ सकता है।
RBI MPC की अहम बैठक
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (Monetary Policy Committee - MPC) की बैठक 4 से 6 अगस्त तक होगी। इस बैठक में RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ब्याज दरों को लेकर पैनल के निर्णय की घोषणा करेंगे। इस फैसले का भी आम आदमी की जेब पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।
