यूटिलिटी

Debit Card खो गया तो केवल कार्ड Block करना काफी है या और भी कुछ करना चाहिए?

अगर आपको आपके डेबिट कार्ड के खोने का पता चलता है तो बिना देरी किए बैंक को इसकी तुरंत सूचना देनी चाहिए। अगर आपको लगता है कि कार्ड चोरी हुआ है तो इस केस में एफआईआर भी दर्ज करवानी होगी।

Image

Debit Card खो जाए तो क्या करें (AI Generated Image)

Lost Debit Card Guide: डेबिट कार्ड (Debit Card) हमारी रोजमर्रा की बैंकिंग जरूरतों का अहम हिस्सा बन चुका है। ATM से कैश निकालने से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग और POS मशीन पर पेमेंट करने तक, कई कामों के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में अगर डेबिट कार्ड कहीं खो जाए या चोरी हो जाए तो घबराने के बजाय तुरंत कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए।

कार्ड मिलने का इंतजार न करें

सिर्फ कार्ड मिलने की उम्मीद में इंतजार करना सही नहीं है। बैंक की ओर से Debit Card को तुरंत ब्लॉक या हॉटलिस्ट करने की सुविधा दी जाती है। इसके बाद जरूरत पड़ने पर नया Debit Card भी जारी करवाया जा सकता है।

बैंक को तुरंत दें सूचना

Debit Card खोने या चोरी होने पर सबसे पहला काम अपने बैंक को इसकी जानकारी देना होना चाहिए। बैंक के PhoneBanking या कस्टमर केयर के जरिए कार्ड खोने की सूचना दी जा सकती है।

कॉल के दौरान बैंक आपसे आपकी पहचान से जुड़ी कुछ जानकारी और खोए हुए कार्ड की डिटेल मांग सकता है। सत्यापन के बाद बैंक कार्ड को ब्लॉक कर देगा, ताकि उस कार्ड से आगे कोई अनऑथराइज्ड ट्रांजैक्शन न किया जा सके।

पुलिस स्टेशन में FIR करवाएं दर्ज

अगर कार्ड चोरी हुआ है तो नजदीकी पुलिस स्टेशन में FIR भी दर्ज करवाई जा सकती है। कुछ बैंक चोरी हुए कार्ड के मामले में पुलिस शिकायत या FIR की कॉपी मांग सकते हैं। इसलिए बैंक से बात कर यह पता कर लेना बेहतर है कि आपके मामले में कौन-से दस्तावेज जरूरी हैं।

NetBanking से तुरंत करें कार्ड ब्लॉक

अगर आपके पास इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा है तो बैंक के NetBanking पोर्टल से भी Debit Card को हॉटलिस्ट यानी ब्लॉक किया जा सकता है। इसके लिए बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर NetBanking में लॉग-इन करें। Debit Card या Card Services से जुड़े विकल्प में जाकर खोए या चोरी हुए कार्ड को चुनें। इसके बाद Hotlist या Block Card का विकल्प चुनकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

Mobile Banking से भी करें कार्ड हॉटलिस्ट

आज ज्यादातर बैंक अपने मोबाइल ऐप के जरिए Debit Card को ब्लॉक करने की सुविधा देते हैं। अगर आपका स्मार्टफोन आपके पास है और Mobile Banking एक्टिव है, तो यह कार्ड सुरक्षित करने का सबसे आसान तरीका हो सकता है।

कार्ड ब्लॉक होने के बाद क्या होता है?

Debit Card हॉटलिस्ट या ब्लॉक हो जाने के बाद उस कार्ड के जरिए होने वाले ट्रांजैक्शन को रोक दिया जाता है। यानी खोए हुए कार्ड का इस्तेमाल कर ATM से पैसे निकालने या कार्ड के जरिए पेमेंट नहीं की जा सकती।

अकाउंट की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री पर रखें नजर

कार्ड ब्लॉक होने के बाद भी आपको अपने बैंक अकाउंट की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री पर नजर बनाए रखनी होगी। अगर कार्ड खोने से पहले या कार्ड खोने का पता लगने से पहले कोई ऐसा ट्रांजैक्शन हुआ है जो आपने नहीं किया तो उसे तुरंत बैंक को रिपोर्ट करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article