Aadhaar Card Update: भारत में रहने वाला हर दूसरा व्यक्ति अपनी पहचान को सत्यापित करने के लिए सरकारी डॉक्यूमेंट आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है। आधार कार्ड पर व्यक्ति के नाम के साथ-साथ, उसके घर का पता, जेंडर, मोबाइल नंबर और डेट ऑफ बर्थ की जानकारी होती है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या इस सरकारी आईडी में मौजूद हर जानकारी को प्रमाणित करने के लिए आधार कार्ड एक प्रूफ बन सकता है? दरअसल, Aadhaar Card का इस्तेमाल करने वाले अधिकतर लोगों को इस आईडी के इस्तेमाल और महत्व को लेकर अधूरी जानकारी होती है। जहां कुछ लोगों को लगता है कि आधार कार्ड उनके भारतीय नागरिक होने का प्रमाण है, वहीं कुछ लोगों को लगता है कि आधार डेट ऑफ बर्थ का भी प्रमाण हो सकता है। यही वजह है कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI - Unique Identification Authority of India) की ओर से समय-समय पर इस तरह के मिथकों को दूर किया जाता है।
क्या आधार कार्ड डीओबी का प्रमाण?
यूआईडीएआई की ओर से ऑफिशियल एक्स हैंडल से दी गई जानकारी के अनुसार, कोई भी आधार कार्ड धारक आधार कार्ड का इस्तेमाल अपने डेट ऑफ बर्थ के प्रमाण के रूप में नहीं कर सकता है। यूआईडीएआई की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, कोई भी आधार कार्ड धारक एक बार आधार कार्ड बनवाने के बाद डीओबी की जानकारी एक और बार अपडेट करवा सकता है। हालांकि, इस जानकारी को केवल एक ही अपडेट करवाया जा सकता है।
क्या आधार कार्ड नागरिकता का प्रमाण?

आधार कार्ड (Photo: X handle/@UIDAI)
इसी तरह, भारत में रहने वाले हर दूसरे व्यक्ति के पास आधार कार्ड तो मौजूद है, लेकिन यह आईडी केवल उनकी पहचान को सत्यापित करती है। कोई भी आधार कार्ड धारक इस आईडी के साथ अपने भारतीय होने का दावा नहीं कर सकता है। क्योंकि यूआईडीएआई की ओर से भारत में रह रहे विदेशियों को भी कुछ पात्रता शर्तों के साथ आधार कार्ड की सुविधा दी जाती है।
कहां करें आधार कार्ड का इस्तेमाल
भारत सरकार और राज्य सरकारें समाज के गरीब और कमजोर वर्गों के लिए कई सामाजिक कल्याण योजनाएं चलाती हैं। ऐसे में आधार कार्ड इन योजनाओं के लाभ को सही लोगों तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आधार के इस्तेमाल से सरकारी योजनाओं की डिलीवरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनती है। साथ ही, आधार एक पहचान पत्र के रूप में काम करता है, जिससे लाभार्थियों को बार-बार अलग-अलग दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ती और वे आसानी से, बिना किसी परेशानी के, सीधे अपने हक का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
