Today Viral Photo: पुरानी कहावत है दुनिया में इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है। जब भी मौका मिले दूसरों की मदद करनी चाहिए। कुछ लोग इस काम के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और अपना सबकुछ दांव पर लगाकर दूसरों की मदद करते हैं। हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो जानबूझकर अनजान बन जाते हैं। लेकिन, इस महिला कांस्टेबल ने जो किया उसने लोगों का दिल जीत लिया है। उसकी तस्वीर सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो रही है और लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वैसे तो आपको कई फोटोज और वीडियोज देखने को मिल जाएंगे। लेकिन, कुछ तस्वीरें ऐसी होती हैं जो हजारों मैसेज देती हैं। आपने भी ऐसी तस्वीरें जरूर देखी होगी। अब इस वायरल फोटो (Viral Photo) को ही देख लीजिए, किस तरह एक महिला कांस्टेबल बुजुर्ग महिला की मदद कर रही हैं। चिलचिलाती गर्मी में महिला कांस्टेबल ने जिस तरह बुजुर्ग महिला को कंधे पर बिठाकर घर पहुंचाया उसे देखकर लोग दंग रह गए। इस मदद और इंसानियत के लिए लोग महिला कांस्टेबल की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
महिला कांस्टेबल ने जीता लोगों का दिल
तस्वीर देखकर आप भी महिला कांस्टेबल का फैन हो गए होंगे। यहां आपको बता दें कि ये वायरल तस्वीर गुजरात की है। बताया जा रहा है कि कच्छ इलाके में 86 साल की बुजुर्ग महिला प्रचंड गर्मी के कारण बेहोश गई। उसकी हालत देखकर महिला कांस्टेबल ने उसे अपनी पीठ पर उठाया और पांच किलोमीटर पैदल चलकर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित घर तक पहुंचाया। ट्विटर पर इस तस्वीर IAS अवनीश शरण ने शेयर किया है। तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ' गुजरात की एक महिला कांस्टेबल वर्षा परमार ने कच्छ में 86 वर्षीय बुजुर्ग को स्वास्थ्य परेशानी होने के कारण पीठ पर उठाया और तपते रण में 5 किलोमीटर चलकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया'। इस तस्वीर को अब तक 22 हजार से ज्यादा लोग पसंद कर चुके हैं। जबकि, दो हजार से ज्यादा लोगों ने रिट्वीट किए हैं। वहीं, महिला कांस्टेबल की तारीफ करते हुए लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं।

