गर्भवती महिला ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, एक डिलीवरी के 5 दिन बाद दिया दो और बच्चों को जन्म

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 27, 2021, 08:47 AM IST

एक महिला ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो अपने आप में अनूठा है। महिला ने अपनी पहली डिलीवरी के पांच दिन बाद दो और बच्चों को जन्म दिया है। यह खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।

गर्भवती महिला ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, एक डिलीवरी के 5 दिन बाद दिया दो और बच्चों को जन्म

नई दिल्ली: आपने अक्सर जुड़वा या तीन बच्चों के एक साथ जन्म लेने की खबर देखी या सुनी होगी, लेकिन क्या आपने कभी ये सुना है कि जुड़वा बच्चे अलग-अलग दिन पैदा हुए हैं? यकीनन आपका जवाब ना में होगा। लेकिन यहां हम आपको एक ऐसी खबर बता रहे हैं जिसे पढ़कर आपको भी हैरानी होगी। दरअसल एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया है और उसमें भी पांच दिन का अंतर है। महिला के नाम डिलीवरी के बीच सबसे अधिक अंतराल का विश्व रिकॉर्ड भी बन गया है। 

न्यूयॉर्क का है मामला

यह खबर अमेरिका के न्यूयॉर्क की है जहां 33 साल की कायली डेशेन ने 28 दिसंबर, 2019 को अपने पहले बच्चे को जन्म दिया और फिर पूरे पांच दिन बाद 2 जनवरी, 2020 को अपने अन्य दो बच्चों (ट्रिपल) को जन्म दिया। न्यूयॉर्क में रहने वाली मां के नाम अब तीन बच्चों के जन्म के बीच सबसे लंबे अंतराल का विश्व रिकॉर्ड बन गया है, क्योंकि पिछला रिकॉर्ड दो दिन का था। तीनों बच्चे (रोवन, डेक्लन और सियान)अब 17 माह के हो गए हैं और एकदम स्वस्थ हैं। कायली के एक बच्चे सियान के बचने की केवल नौ प्रतिशत संभावना थी क्योंकि उसका जन्म 22 हफ्ते में ही हो गया था।

सब रह गए हैरान

कायली ने बताया कि वह चार साल से गर्भवती होने की कोशिश कर रही थी लेकिन कुछ दिक्कतें आ रही थी जिसके बाद पति ब्रैंडन की सलाह पर आईवीएफ द्वारा प्रेंग्नेसी करने का फैसला किया। कायली के दो गोद लिए बच्चे पहले से हैं जिसमें एक बेटी और बेटा है।  कायली ने बताया कि हमने एक की बजाय दो भ्रूण रखने का फैसला किया। कायली के मुताबिक, 'हमारे तीन बच्चे होने की एक फीसदी ही संभावना थी। लेकिन जब पता चला कि कोख में तीन बच्चे हैं तो सब हैरान रह गए और खुश भी हुए।'

चार महीने तक रहे ICU में
कायली के मुताबिक, प्रेग्नेंसी के दौरान कई काफी दिक्कतें भी आई  लेकिन डॉक्टरों की सलाह से सारी परेशानियां दूर हुई।  जब प्रसव पीड़ा हुई तो एक बच्चे का जन्म हुआ फिर डॉक्टर ने बताया कि दो बच्चों के जन्म के लिए और इंतजार करना होगा फिर पांच दिन के बाद फिर प्रसव पीड़ा हुई और दो बच्चों ने जन्म लिया। तीनों बच्चों का वजह 450 से 700 ग्राम के बीच हुआ था जिस कारण चार महीने तक तीनों बच्चे आईसीयू में रहे और अंनत: कायली अपने बच्चों को घर ले आई। तीनों बच्चे अब पूरी तरह स्वस्थ्य हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!