Holi 2022: अजीबोगरीब परंपरा, इस गांव में होली पर दामाद को गधे पर बिठाकर घुमाते हैं लोग, जानें कारण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 16, 2022, 11:25 AM IST

Holi Weird Tradition: महाराष्ट्र में एक गांव ऐसा है, जहां अजीबोगरीब अंदाज में लोग होली मनाते हैं। यहा नए दामाद को गांव के लोग गधे पर बिठाकर घुमाते हैं और फिर उसकी खातिरदारी करते हैं।

Holi 2022: अजीबोगरीब परंपरा, इस गांव में होली पर दामाद को गधे पर बिठाकर घुमाते हैं लोग, जानें कारण

Holi Weird Tradition: भारत में रंगों का त्योहार होली (Holi 2022) काफी धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल होली 18 मार्च को खेला जाएगा। लिहाजा, इसका खुमार लोगों पर चढ़ने लगा है। लेकिन, आपको जानकर हैरानी होगी कि देश में होली के मौके पर कई जगहों पर अजीबोगरीब परंपराएं निभाई जाती हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही परंपरा के बारे में बताने जा रहा है, जहां होली पर दामाद को गधे पर बिठाकर मोहल्ले में घुमाया जाता है। ये बात सुनकर भले ही आपको हैरानी हो रही होगी, लेकिन यह सच है। तो आइए, जानते हैं इस परंपरा के बारे में कुछ दिलचस्प बातें...

आमतौर पर आप कहीं चले जाएं दामाद को काफी इज्जत दी जाती है। लेकिन, महाराष्ट्र (Maharashtra) के बीड जिले में होली के दिन दामाद को गधे पर बिठाकर घुमाया जाता है। पहले दामाद को जमकर रंग लगाया जाता है और फिर उसके बाद उसे सब मिलकर गधे पर बिठाते हैं और फिर पूरे गांव में घुमाते हैं। अब आपके मन में सवाल उठ रहा होगा कि लोग ऐसा क्यों करते हैं? तो आपको बता दें कि इसके पीछे की कहानी भी काफी दिलचस्प है। लोगों की मानें तो करीब 80 साल पहले जिले के येवता गांव में रहने वाले देशमुख परिवार के दामाद ने होली पर रंग लगवाने से इंकार कर दिया था। इसके बाद लोगों ने फैसला किया कि उनके साथ होली तो जरूर खेलेंगे लेकिन अलग तरीके से। शख्स के ससुर ने एक गधा बुलाया और फिर उसे सजाकर पूरे गांव में घुमाया। इसके बाद से ये परंपरा शुरू हो गई। दामाद को होली पर रंग लगवाने के लिए इस रस्म को पूरा किया जाता है।

अजीबोगरीब परंपरा

जब दामाद गधे पर बैठकर गांव घूम लेता है तो उसके बाद उसकी जमकर खातिरदारी की जाती है। दामाद को मिठाइयां और पकवान खिलाए जाते हैं। इतना ही नहीं दामाद को मन पसंद के कपड़े भी दिलवाए जाते हैं। कई बार तो गधे से उतार ससुर दामाद को सोने की अंगूठी भी देते हैं। अब इस गांव में यह रिवाज बन गया है और लोग बड़े मन से इसे निभाते हैं। कुछ दामाद तो डर के कारण भाग भी जाते हैं। लेकिन, लोग उन पर नजर रखते हैं और उन्हें होली पर गधे पर बिठाकर घुमाते हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!