स्विट्जरलैंड के इस शहर में आसमान से बर्फ की तरह गिरने लगा चॉकलेट पाउडर, दिखा ऐसा नजारा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 19, 2020, 06:05 PM IST

स्विट्जरलैंड के ओल्टन में हाल में ही चॉकलेट पाउडर आसमान से बर्फ की तरह गिरने लगा। दरअसल ये इसलिए हुआ था क्योंकि चॉकलेट फैक्ट्री के कूलिंग वेंटिलेशन में खराबी आ गई थी।

स्विट्जरलैंड के इस शहर में आसमान से बर्फ की तरह गिरने लगा चॉकलेट पाउडर, दिखा ऐसा नजारा

नई दिल्ली: लोगों ने आसमान से पानी बरसते देखा है, बर्फ गिरती देखी है, ओले पड़ते हुए देखे हैं, लेकिन सोचिए अगर आसमान से ऐसा कुछ गिरने लगे जो एकदम अलग हो और चॉकलेट जैसा हो तो कैसा महसूस होगा। दरअसल, स्विट्जरलैंड के एक टाउन में ऐसा हुआ है, यहां आसमान से चॉकलेट पाउडर गिरने लगा। वास्तव में हुआ ये कि एक चॉकलेट फैक्ट्री में खराबी के बाद ज्यूरिख और बेसेल के बीच ओल्टन पर चॉकलेट पाउडर की बारिश हुई।

कंपनी ने उन रिपोर्ट्स की पुष्टि की कि कूलिंग वेंटिलेशन में मामूली खराबी थी। तेज हवाओं के साथ पाउडर कारखाने के आसपास के क्षेत्र में फैल गया। कंपनी का कहना है कि ये कण लोगों या पर्यावरण के लिए पूरी तरह से हानिरहित थे। वेंटिलेशन सिस्टम की बाद में मरम्मत की गई। इसके बाद कारखाने में चॉकलेट का उत्पादन सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों ने कहा कि जिन वाहनों या जगहों पर कोको पाउडर गिरा वहां की सफाई की लागत को कंपनी देने के लिए तैयार है। 

ट्विटर पर शेयर की गई तस्वीर में देखा जा सकता है कि सतह पर चॉकलेट पाउडर की एक अच्छी परत दिखाई दे रही है। कई लोगों को ये काफी पसंद आया। एक शख्स ने ट्विटर पर लिखा, 'अंत में ये हुआ दोस्तों!! 2020 में आखिरकार कुछ सही हुआ। लिंड्ट कारखाने में वेंटिलेशन खराब होने के बाद चॉकलेट बरसती है। एक अन्य ने कहा कि आसमान से चॉकलेट का गिरना सपने सच होने जैसा हैं!
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!