Bihar: शादी में हुआ ऐसा विवाद कि रातों-रात उल्टे पांव भागे बाराती, वधू पक्ष ने इस वजह से तोड़ी शादी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2021, 08:09 AM IST

बिहार के सिवान में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां शादी के दौरान एक ऐसे विवाद ने जन्म लिया कि वधू पक्ष ने शादी ही तोड़ दी। इसके बाद बारातियों को बंधक बना लिया गया।

Bihar: शादी में हुआ ऐसा विवाद कि रातों-रात उल्टे पांव भागे बाराती, वधू पक्ष ने इस वजह से तोड़ी शादी

सिवान:  बिहार के सिवान जिले के तरवारा प्रखंड में गुरुवार को एक शादी समारोह चल रहा था इस दौरान वधू पक्ष ने बारात आने पर जमकर बारातियों का स्वागत किया और खूब खातिरदारी की। इसके बाद कुछ ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। शादी के दौरान ही वधू तथा वर पक्ष के बीच एक इस तरह के विवाद ने जन्म लिया जिस वजह से शादी ही टूट गई और बाराती किसी तरह भागकर अपने घर पहुंचे।

असली नकली गहनों को लेकर छिड़ा विवाद
दैनिक जागरण की खबर के मुताबिक, चाचोपाली गांव में सतवार गांव से बारात आई थी। शादी के दौरान असली और नकली गहनों को लेकर वर तथा वधू पक्ष के बीच विवाद ने जन्म ले लिया। खबर के मुताबिक वर पक्ष ने बर्नेत के दौरान दुल्हन को दिए जाने वाले गहनों में नकली गहने चढ़ा दिए जिसके बाद वधू पक्ष भड़क गया और उसने शादी करने से ही इंकार कर लिया और दूल्हे पक्ष  तथा कई बारातियों को बंधक बना लिया।

दहेज को लेकर भड़का विवाद!
खबर के मुताबिक, अभिषेक कुमार नाम के दूल्हे की शादी दहेज में एक लाख रुपये नकद और बाइक देकर तय की गई थी। वहीं दूल्हे के पिता से शादी में 90 हजार रुपये के गहने चढ़ाए जाने की बात हुई थी लेकिन उन्होंने नौ सौ रुपये के नकली गहने बर्नेत में चढ़ा दिए। इसके बाद विवाद बढ़ा तो दुल्हन पक्ष ने दहेज की बाइक देने से इंकार कर दिया। 

विवाद बढ़ा तो हुई पंचायत
बाद में गांव के लोगों ने दूल्हा समेत आधा दर्जन लोगों को बंधक बना लिया। कई बाराती रातों रात भाग गए। इसके बाद गांव के मुखिया सहित वरिष्ठ लोग वहां पहुंचे और किसी तरह विवाद को सुलझाया। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे का सामान और दहेज लौटाने की बात कही और विवाद का हल हुआ। इस तरह मामला थाने की दहलीज तक जाने से बच गया।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!