यात्रा

बस एक वीकेंड में घूमो उत्तराखंड की ये शांत और सुंदर जगह, सारे तनाव से आपको मुक्त कर देंगे यहां के नजारे

Mukteshwar Travel Guide: उत्तराखंड की पहाड़ियों में छुपी हुई एक सुंदर और शांत जगह है मुक्तेश्वर। आंखों और मन के सुकून के लिए दो से तीन दिन के ट्रिप की कोई जगह देख रहे हैं तो यहां का प्लान बना लें। वापसी यहां जल्द दोबारा आने के खुद के वादे से ही होगी।

Image

मुक्तेश्वर टूर गाइड (Pic: iStock)

Mukteshwar Travel Guide: समुद्र तल से 7,500 फीट की ऊंचाई पर और नैनीताल से लगभग 51 किमी और दिल्ली से 343 किमी दूर बसा है एक खूबसूरत हिल स्टेशन मुक्तेश्वर। यह जगह अपने हरे-भरे घास के मैदानों, झरनों और हिमालय के मनोरम दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। यह जगह 350 साल पुराने मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के लिए भी जानी जाती है। यह मंदिर शहर की एक ऊंची चोटी पर बना है।

वैसे आध्यात्मिक वजह ही नहीं, चौली की जाली चट्टानें पर होने वाली रॉक क्लाइम्बिंग और रैपलिंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए भी यह जगह प्रसिद्ध है। यहां से नीचे वैलीज के नजारे बेहद सुहाने लगते हैं।

मुक्तेश्वर में क्या देखें

मुक्तेश्वर में देखने और घूमने लायक कई दर्शनीय जगह हैं। अगर आप नेचर लवर हैं तो भालू गाड़ और धोकाने झरने आपको अपने मोहपाश में बांध लेंगे। आध्यात्मिक अनुभव के लिए यात्रा करने वालों के लिए एक गुफा में स्थित कपिलेश्वर महादेव मंदिर बेस्ट जगह है। अगर आप जल्दी उठते हैं तो मुक्तेश्वर में सूर्योदय के मनमोहक दृश्य जरूर देखें। बर्फ से ढकी नंदा देवी की चोटी को नारंगी और सुनहरे रंग में रंगता सूरज यहां आपको कुदरत के अलग ही रंग दिखाएगा।

मुक्तेश्वर में स्थानीय कुमाऊंनी व्यंजनों का स्वाद जरूर लें। इसके अलावा यहां लोकल चीजों की शॉपिंग भी की जा सकती है।

मुक्तेश्वर में कब जाएं, कहां ठहरें

ऐसे तो मुक्तेश्वर घूमने का सबसे अच्छा समय गर्मी का माना जाता है। यानी अप्रैल से जून के बीच का टाइम। इस समय यहां तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है और मौसम अच्छा व सुहावना होता है। हालांकि अब बेहतर यात्रा विकल्पों के चलते मानसून के मौसम में भी लोग यहां की हरियाली देखने पहुंचते हैं।

ठहरने के लिए आपको मुक्तेश्वर में कई अच्छी और हर तरह के बजट रेंज की जगहें मिलेंगी। इनमें होटल, होम स्टे, फार्मस्टे आदि शामिल हैं।

मुक्तेश्वर कैसे पहुंचे

मुक्तेश्वर आने के लिए काठगोदाम निकटतम रेलवे स्टेशन है। दोनों जगहों के बीच दूरी लगभग 60 किमी है। पंतनगर हवाई अड्डा लगभग यहां से 91 किमी दूर है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article