Jammu and Kashmir Travel News: पहलगाम में हुए विनाशकारी आतंकवादी हमले का असर जम्मू और कश्मीर में देखने को मिल रहा है। जम्मू और कश्मीर ने पूरे क्षेत्र में सभी ट्रेकिंग गतिविधियों को निलंबित करके पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई की है। जम्मू-कश्मीर वन विभाग ने सभी ट्रैकिंग मार्गों को बंद करने का आदेश दिया है। बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया गया है।
22 अप्रैल, 2025 को लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। यह हमला बैसरन में हुआ था जो अपने सुंदर घास के मैदानों के लिए फेमस है और इसे मिनी स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। अधिकारियों ने जिला पुलिस को इन मार्गों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है ताकि निलंबन को लागू करना आसान हो सके।
मालूम हो कि कश्मीर में ट्रैकिंग का मौसम आमतौर पर मई से सितंबर तक रहता है। रोमांच की चाह रखने वाले पर्यटकों को यह खूब आकर्षित करता है। हालांकि, हाल की घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति का गहन मूल्यांकन होने तक ट्रैकिंग स्थगित ही रहेगी।
कश्मीर सुरक्षित ट्रैवल डेस्टिनेशन है इस विश्वास को पर्यटकों के दिल में फिर से स्थापित करने के लिए अभी कुछ लंबा समय लगेगा। भले ही तत्काल ध्यान स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा पर हो लेकिन, यहां फिर से पर्यटकों की चहल-पहल ला पाने में वक्त लगेगा।
