यात्रा

केरल की वादियों में बिताइए सपनों जैसी छुट्टियां, हाउसबोट स्टे बना देगा ट्रिप यादगार

IRCTC: आईआरसीटीसी ने केरल घूमने के लिए शानदार टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। 6 दिन का ये टूर पैकेज रहने वाला है। पैकेज से जुड़ी हर जानकारी को यहां डिटेल में बताया गया है।

Image

केरल की वादियों में बिताइए सपनों जैसी छुट्टियां

IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'RAVISHING KERALAM WITH HOUSEBOAT STAY' है। 6 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है। इस पैकेज के तहत आपको कोच्चि, कुमारकोम, मुन्नार, थेक्कडी घुमाया जाएगा। 28 मई 2026 को एर्नाकुलम रेलवे स्टेशन या कोचिन एयरपोर्ट पहुंचते ही आपको रिसीव किया जाएगा। वहां से होटल ले जाया जाएगा। थोड़ा आराम करने के बाद कोच्चि की खूबसूरत जगहों की सैर कराई जाएगी। इसमें डच पैलेस, ज्यू सिनेगॉग और फोर्ट कोच्चि घूमने का मौका मिलेगा। शाम को मरीन ड्राइव पर घूमते हुए समंदर किनारे की खूबसूरती का मजा ले सकते हैं। रात को कोच्चि के होटल में ठहराव रहेगा।

दूसरा दिन : कोच्चि से मुन्नार

सुबह नाश्ते के बाद सड़क रास्ते से मुन्नार के लिए रवाना होंगे। रास्ते में चीपारा झरना देखने का मौका मिलेगा, जहां का नजारा बेहद शानदार होता है। मुन्नार पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। शाम को टी म्यूजियम घूमेंगे, जहां चाय के इतिहास और बनाने की प्रक्रिया के बारे में जान सकते हैं। इसके बाद चाहें तो पुनर्जनी में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद भी ले सकते हैं। रात को मुन्नार में ठहराव रहेगा।

तीसरा दिन : मुन्नार

सुबह नाश्ते के बाद मुन्नार की मशहूर जगहों की सैर होगी। सबसे पहले एराविकुलम नेशनल पार्क जाएंगे, जहां हरियाली और वन्यजीव देखने को मिलेंगे। इसके बाद मट्टुपेट्टी बांध, इको पॉइंट और कुंडला झील घुमाई जाएगी। यहां की ठंडी हवा और पहाड़ों के नजारे आपका दिल जीत लेंगे। रात को मुन्नार के होटल में आराम करेंगे।

चौथा दिन : मुन्नार से थेक्कडी

नाश्ते के बाद सड़क रास्ते से थेक्कडी के लिए निकलेंगे। वहां पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। दोपहर के बाद पेरियार वन्यजीव अभयारण्य की झील में बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा मसालों के बागान भी घूमने का मौका मिलेगा, जहां इलायची, काली मिर्च और दूसरे मसालों की खेती देख सकते हैं। रात को थेक्कडी में ठहराव रहेगा।

पांचवां दिन : थेक्कडी से कुमारकोम

सुबह नाश्ते के बाद कुमारकोम के लिए रवाना होंगे। यहां पहुंचकर हाउसबोट में चेक-इन किया जाएगा। दोपहर का खाना हाउसबोट पर ही मिलेगा। इसके बाद केरल के खूबसूरत बैकवॉटर्स में क्रूज का मजा लिया जाएगा। चारों तरफ हरियाली, शांत पानी और नारियल के पेड़ इस सफर को यादगार बना देंगे। रात का खाना और ठहराव हाउसबोट में ही रहेगा।

छठा दिन : कुमारकोम से कोच्चि

सुबह हाउसबोट से चेक-आउट करने के बाद सड़क रास्ते से कोच्चि लौटेंगे। रास्ते में या कोच्चि पहुंचकर लुलु मॉल घूमने का मौका मिलेगा, जहां खरीदारी और खाने-पीने का आनंद ले सकते हैं। इसके बाद शाम तक एर्नाकुलम रेलवे स्टेशन या कोचिन एयरपोर्ट छोड़ दिया जाएगा।

बुकिंग और खर्चे से रिलेटेड जानकारी

खर्चे की बात करें तो अगर आप सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप करते हैं तो इसके लिए आपको 52,630 रुपए खर्च करने होंगे। डबल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 27,090 वहीं ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया 21,300 रुपए रखा गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया 9,720 रुपए तय किया गया है।

इस पैकेज का कोड SEH030 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों- 8287932024,828793117 पर संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article