IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने मुन्नार और कोच्चि घूमने के लिए शानदार टूर पैकेज (IRCTC Tour package) लॉन्च कर दिया है। 3 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है। 31 मई 2026 को यात्रा की शुरुआत एर्नाकुलम रेलवे स्टेशन या कोच्चि हवाई अड्डे पर पहुंचने के साथ होगी। यहां से सड़क मार्ग के जरिए खूबसूरत पहाड़ी शहर मुन्नार के लिए रवाना होना है। रास्ते भर हरियाली, घुमावदार सड़कें और चाय के बागानों के नजारे आपका मन खुश कर देंगे।
मुन्नार पहुंचने के बाद होटल में ठहरने की व्यवस्था होगी। थोड़ा आराम करने के बाद शाम को प्रसिद्ध चाय संग्रहालय घुमाया जाएगा, जहां आपको चाय बनने की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानने का मौका मिलेगा। इसके बाद मुन्नार बाजार में घूमने और खरीदारी का समय मिलेगा। रात को होटल में आरामदायक ठहराव रहेगा।
दूसरे दिन सुबह स्वादिष्ट नाश्ते के बाद पूरे दिन मुन्नार की खूबसूरत जगहों की सैर कराई जाएगी। सबसे पहले एराविकुलम राष्ट्रीय उद्यान घुमाया जाएगा, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और दुर्लभ नीलगिरि तहर के लिए जाना जाता है। इसके बाद चाय संग्रहालय, मट्टुपेट्टी बांध, इको प्वाइंट और कुंडला झील जैसी शानदार जगहों का आनंद लिया जाएगा। इको प्वाइंट पर अपनी आवाज की गूंज सुनना एक अलग ही अनुभव होता है। वहीं कुंडला झील का शांत वातावरण मन को सुकून देता है। शाम का समय अपने हिसाब से बिताने का मौका मिलेगा। रात में होटल में ठहराव रहेगा।
तीसरे दिन मुन्नार से एर्नाकुलम जाना है। सुबह नाश्ते के बाद होटल से विदा ली जाएगी। इसके बाद सड़क मार्ग से वापस एर्नाकुलम रेलवे स्टेशन या कोच्चि हवाई अड्डे तक पहुंचाया जाएगा। इसी के साथ खूबसूरत यादों से भरी यह यात्रा समाप्त होगी। परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप पर जाने का आप प्लान कर सकते हैं।
खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको ₹22450 में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: ₹11700 और ₹9300 तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए किराया ₹4470 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड SEH020 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर 8287932024, 8287932117 कर सकते हैं।
