यात्रा

नेपाल घूमना हुआ आसान, भारत गौरव ट्रेन से 10 दिन में करें पशुपतिनाथ से पोखरा तक दर्शन, जानें कहां से कब चलेगी गाड़ी

Bharat Gaurav Tourist Train to Nepal: भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से नेपाल घूमने का प्लान अब आसान हो गया है। जानें पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा की तारीख, किराया, रूट, पैकेज सुविधाएं और ट्रेन किन-किन जगहों की सैर कराएगी की जानकारी।

Image

भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के साथ देखें नेपाल की खास जगहें

Bharat Gaurav Tourist Train to Nepal: नेपाल घूमने का सपना देखने वाले यात्रियों के लिए अब सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है। भारतीय रेलवे और IRCTC पहली बार मध्य भारत से नेपाल के लिए खास भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन शुरू करने जा रहे हैं। इस ट्रेन का नाम रखा गया है पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा जो यात्रियों को नेपाल के धार्मिक और प्राकृतिक खूबसूरत स्थलों (Nepal Tourism) की सैर कराएगी। खास बात यह है कि इस पैकेज में ट्रेन यात्रा से लेकर होटल, खाना, लोकल ट्रांसफर और साइटसीइंग तक लगभग हर सुविधा शामिल होगी। ऐसे में यात्रियों को अलग-अलग बुकिंग और प्लानिंग की झंझट नहीं उठानी पड़ेगी।

12 जून 2026 से शुरू होगी खास यात्रा

IRCTC की ओर से संचालित यह विशेष ट्रेन 12 जून 2026 को इंदौर से रवाना होगी। पूरी यात्रा 9 रात और 10 दिनों की होगी। यह भारत गौरव योजना के तहत शुरू की जा रही पहली नेपाल यात्रा ट्रेन होगी, जो मध्य प्रदेश और आसपास के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा मानी जा रही है।

यह ट्रेन सिर्फ एक रेल यात्रा नहीं बल्कि एक पूरा टूर पैकेज है, जिसमें यात्रियों को आरामदायक और व्यवस्थित ट्रैवल एक्सपीरियंस देने की तैयारी की गई है।

नेपाल के इन खास धार्मिक और पर्यटन स्थलों की होगी सैर

इस यात्रा के दौरान यात्री नेपाल के कई प्रसिद्ध स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। यात्रा में काठमांडू का प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर शामिल है, जिसे भगवान शिव के प्रमुख ज्योतिर्लिंग स्वरूपों में माना जाता है। इसके अलावा पोखरा की प्राकृतिक सुंदरता, चितवन नेशनल पार्क का जंगल सफारी अनुभव और मनकामना मंदिर की रोपवे यात्रा भी इस पैकेज का हिस्सा होगी।

धार्मिक आस्था और घूमने-फिरने का यह मिश्रण परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रुप ट्रैवलर्स के लिए बेहद आकर्षक माना जा रहा है।

मध्य प्रदेश के कई स्टेशनों से मिलेगी बोर्डिंग सुविधा

इस स्पेशल ट्रेन में यात्री सिर्फ इंदौर से ही नहीं बल्कि उज्जैन, भोपाल, इटारसी, जबलपुर और सतना जैसे स्टेशनों से भी सवार हो सकेंगे। इससे मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों के यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी और उन्हें अलग से लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

पैकेज में क्या-क्या मिलेगा

इस ऑल-इनक्लूसिव पैकेज में यात्रियों के लिए लगभग हर जरूरी सुविधा शामिल की गई है। इसमें ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, एसी बसों से लोकल साइटसीइंग, ट्रैवल इंश्योरेंस, टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं शामिल रहेंगी।

यानी यात्रियों को सिर्फ सफर का आनंद लेना होगा, बाकी सारी व्यवस्था IRCTC संभालेगा।

तीन कैटेगरी में उपलब्ध होगा पैकेज

यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए पैकेज को तीन श्रेणियों में रखा गया है—

  • 3AC Comfort – ₹61,340 प्रति व्यक्ति
  • 2AC Deluxe – ₹76,550 प्रति व्यक्ति
  • 1AC Superior – ₹90,400 प्रति व्यक्ति

सेमी-लक्जरी सुविधाओं से लैस होगी ट्रेन

पूरी तरह वातानुकूलित इस भारत गौरव ट्रेन में फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी कोच होंगे। इसके अलावा ट्रेन में रेस्टोरेंट कोच, आधुनिक वॉशरूम, CCTV निगरानी और ऑनबोर्ड स्टाफ सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। रेलवे इसे एक आरामदायक सेमी-लक्जरी धार्मिक पर्यटन अनुभव के रूप में पेश कर रहा है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article