कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव 2022

कांग्रेस अपने अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कर रही है। इस पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और चुनाव नतीजा 19 अक्टूबर को आएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से किसी एक का अध्यक्ष बनना तय है। 2019 में लोकसभा चुनाव के नतीजे में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने 10 अगस्त 2019 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से यह पद खाली है। हालांकि, कांग्रेस ने बाद में सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष चुना। यह चुनाव पहले होना था लेकिन कोरोना महामारी की वजह से टलता रहा। यह चुनाव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की देखरेख में हो रहा है। राहुल गांधी को साल 2017 में पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस ने 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन इस चुनाव में पार्टी को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।

राहुल से पहले इस पद पर सोनिया गांधी 1998 से लेकर 2017 तक रहीं। कांग्रेस अध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा समय तक रिकॉर्ड सोनिया गांधी के नाम है। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जो 2017 में हुआ था उसमें राहुल गांधी सर्वसम्मति से चुने गए थे। कांग्रेस के ज्यादातर नेता चाहते थे कि इस पद के लिए राहुल गांधी नामांकन दाखिल करें लेकिन 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले राहुल ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। इसके बाद संभावित उम्मीदवार के रूप में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और दिग्विजय सिंह का नाम सामने आया लेकिन अंतिम समय में दोनों नेताओं ने अपने पैर पीछे खींच लिए। इस पद के लिए उम्मीदवारों के बीच पिछला मुकाबला साल 2000 में हुआ था। इस चुनाव में सोनिया गांधी ने जितेंद्र प्रसाद को हराया था। कांग्रेस की राजनीति पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का मानना है कि अध्यक्ष पद पर खड़गे का चुना जाना एक तरह से तय है।