WhatsApp Outage: इंस्टैंट मैसेजिंग सर्विस WhatsApp की सेवाएं 26 अक्टूबर को करीब 2 घंटे तक के लिए रूक गईं थीं। इस साल का ये सबसे बड़ा आउटेज था। वॉट्सऐप की सेवाएं रुकने से यूजर्स लगभग दो घंटे तक कॉल-मैसेज नहीं कर पा रहे थे। ऐप के अलावा वॉट्सऐप का वेब वर्जन भी प्रभावित रहा। इसका इस्तेमाल लोग लैपटॉप-डेस्कटॉप पर करते हैं। अब इसकी वजह पेरेंट कंपनी मेटा ने बताई है।
WhatsApp की पेरेंट कंपनी Meta ने सेवाएं के रुक जाने को लेकर कहा कि कंपनी ने आई दिक्कत को ठीक कर लिया है और सेवाएं फिर से शुरू हो गईं हैं। मेटा के एक प्रवक्ता ने एक स्टेटमेंट में कहा है कि टेक्निकल एरर की वजह से सेवाएं बाधित थीं। अब दिक्कत को दूर कर लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि हमें मालूम है कि यूजर्स को मैसेज भेजने में दिक्कत आई है। फिलहाल हमने इसे ठीक कर लिया है और हम हुई असुविधा के माफी मांगते हैं। हालांकि, मेटा ने साफ तौर पर ये नहीं बताया कि दिक्कत आई क्यों थी।
WhatsApp के लिए साल 2022 की सबसे बड़ी घटना:
साल 2022 में वॉट्सऐप के लिए ये साल की सबसे बड़ी घटना है। क्योंकि, इस साल इतने लंबे समय के लिए वॉट्सऐप एक बार भी नहीं रुका था। इससे पहले साल 2021 में 5 अक्टूबर को वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम और फेसबुक एक साथ करीब 6 घंटे के लिए रुक गए थे। इससे लाखों यूजर्स प्रभावित हुए थे।
इन ऐप्स का कर सकते हैं इस्तेमाल:
अगर आप भी वॉट्सऐप यूजर हैं और भविष्य में कभी इस तरह आउटेज का सामना करते हैं। तो WhatsApp के अलावा कुछ और ऐप्स के जरिए अपनों को मैसेज भेज सकते हैं। ये ऐप्स- Telegram, Signal, Facebook Messenger, Instagram DM और Viber हैं।
