WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। कंपनी ने अब WhatsApp for CarPlay नाम से एक नया स्टैंडअलोन यानी अलग से ऐप लॉन्च किया है, जो कार के इंफोटेनमेंट सिस्टम पर काम करेगा। यह फीचर भारत समेत कई ग्लोबल मार्केट्स में लाइव हो चुका है और इसे “Major Update” बताया जा रहा है।
अब कार से ही कर सकेंगे कॉल और मैसेज
इस नए फीचर की मदद से यूजर्स अपने iPhone को कार से कनेक्ट करके सीधे इंफोटेनमेंट सिस्टम से ही WhatsApp कॉल और मैसेज कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, यूज़र्स अपने दोस्तों और ग्रुप्स से बिना फोन उठाए ही कनेक्ट रह पाएंगे, जिससे ड्राइविंग के दौरान सुविधा और सेफ्टी दोनों बढ़ेगी।
अलग-अलग मिलेंगे Chat और Call History टैब
WhatsApp for CarPlay में यूजर्स को चैट और कॉल हिस्ट्री के लिए अलग-अलग सेक्शन दिए गए हैं। इससे यूज़र्स आसानी से देख सकते हैं कि उन्होंने हाल ही में किसे कॉल या मैसेज किया है। खास बात यह है कि अब WhatsApp कॉल्स और नॉर्मल कॉल्स अलग-अलग दिखाई देंगे, जिससे नेविगेशन और भी आसान हो जाएगा।
Voice Dictation से कर सकेंगे रिप्लाई
ड्राइविंग के दौरान ध्यान भटकने से बचाने के लिए WhatsApp ने वॉयस डिक्टेशन फीचर भी दिया है। यूजर्स बिना फोन छुए सिर्फ बोलकर मैसेज का जवाब दे सकते हैं। पहले इसके लिए Siri की मदद लेनी पड़ती थी, लेकिन अब यह फीचर सीधे ऐप में ही मिल जाएगा।
End-to-End Encryption रहेगा बरकरार
WhatsApp ने इस नए CarPlay ऐप में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन को बरकरार रखा है यानी यूजर्स की चैट और कॉल पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी, जैसे कि मोबाइल ऐप में होती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स कार के डैशबोर्ड से कॉल तो कर सकते हैं, लेकिन चैट विंडो खोलने के लिए उन्हें कार रोकनी होगी। यह कदम ड्राइविंग के दौरान ध्यान भटकने से बचाने के लिए उठाया गया है।
