आज किसी भी जानकारी की जरूरत पड़ते ही सबसे पहले लोग Google का सहारा लेते हैं। हर दिन इस प्लेटफॉर्म पर अरबों सर्च किए जाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि Google पर सबसे पहली बार क्या सर्च किया गया था? यह सवाल जितना आसान लगता है, उसका जवाब उतना ही दिलचस्प है।
क्या Google के पास है पहला सर्च रिकॉर्ड?
अगर आप सोच रहे हैं कि Google के पास पहले सर्च का रिकॉर्ड सुरक्षित होगा, तो ऐसा नहीं है। कंपनी ने कभी आधिकारिक तौर पर यह जानकारी साझा नहीं की कि Google पर सबसे पहला सर्च क्या था। शुरुआती दिनों में सर्च लॉग को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी नहीं थी, इसलिए यह जानकारी इतिहास में दर्ज नहीं हो सकी।
इंटरनेट पर कई दावे, लेकिन कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
समय-समय पर इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कई दावे सामने आते रहे हैं। कुछ लोग कहते हैं कि पहला सर्च "Google" ही था, तो कुछ का मानना है कि "What is Google?" या किसी विश्वविद्यालय से जुड़ा शब्द सबसे पहले खोजा गया होगा, हालांकि इन दावों की पुष्टि Google ने कभी नहीं की है। एक दावा यह भी है कि Google पर पहली बार सर्च किया गया शब्द "Gerhard Casper" था। यह नाम स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) के तत्कालीन अध्यक्ष (President) का था
Google की शुरुआत कैसे हुई?
Google की शुरुआत 1998 में दो पीएचडी छात्रों Larry Page और Sergey Brin ने की थी। शुरुआत में इसका मकसद इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करना था, ताकि लोग आसानी से अपनी जरूरत की जानकारी खोज सकें। धीरे-धीरे यह दुनिया का सबसे लोकप्रिय सर्च इंजन बन गया।
हर सेकंड होते हैं लाखों सर्च
आज Google पर हर सेकंड लाखों सर्च किए जाते हैं। लोग पढ़ाई, नौकरी, स्वास्थ्य, यात्रा, खरीदारी, मनोरंजन और तकनीक से जुड़े सवालों के जवाब इसी प्लेटफॉर्म पर तलाशते हैं। पिछले दो दशकों में Google ने इंटरनेट पर जानकारी खोजने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है।
क्यों नहीं पता चल सकता पहला सर्च?
टेक एक्सपर्ट के मुताबिक, Google के शुरुआती दिनों में सिस्टम का उद्देश्य सर्च इंजन को बेहतर बनाना था, न कि हर सर्च का स्थायी रिकॉर्ड रखना। यही वजह है कि दुनिया का पहला Google सर्च क्या था, इसका कोई प्रमाणित जवाब आज उपलब्ध नहीं है।
