स्मार्टफोन की खरीदारी के समय में लगभग 99% लोग उसके कैमरा, बैटरी और स्टोरेज पर ही ध्यान देते हैं। शायद ही कोई ऐसा खरीदार होता है जो UFS स्टोरेज को लेकर दुकानदार से सवाल पूछता है। लेकिन आपको बता दें कि आपके फोन की परफॉर्मेंस और स्पीड में UFS स्टोरेज का काफी बड़ा रोल होता है। इसलिए अगर आप स्मार्टफोन की खरीदारी के समय लापरवाही बरतते हैं तो आपको बड़ा नुकसान हो सकता है।
ऑफलाइन या फिर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से स्मार्टफोन खरीदते समय आपको UFS स्टोरेज पर जरूर ध्यान देना चाहिए। अगर आपको लगता है कि सिर्फ रैम अधिक होने से फोन की परफॉर्मेंस अच्छी हो जाएगी तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। फोन की खरीदारी के समय आपने स्पेसिफिकेशन में UFS 2.2, UFS 3.1 या UFS 4.0 जैसे टर्म जरूर देखी होगी। आइए आपको इस स्टोरेज के बारे में डिटेल जानकारी देते हैं।
आखिर क्या होती है UFS स्टोरेज?
UFS का पूरा नाम Universal Flash Storage है। यह एक तरह की हाई-स्पीड स्टोरेज टेक्नोलॉजी है, जिसमें आपके फोन की फोटो, वीडियो, ऐप्स और बाकी डेटा सेव होता है। इसके अलावा फाइल ट्रांसफर के दौरान भी इसका खास काम होता है। UFS स्टोरेज वाले स्मार्टफोन में फाइल काफी तेजी से ट्रांसफर होती हैं। फोन का प्रोसेसर और उसकी UFS स्टोरेज मिलकर फोन की परफॉर्मेंस को काफी तेज बना देते हैं।
फोन की परफॉर्मेंस में इसका क्या रोल होता है?
अगर आप एक नया स्मार्टफोन खरीदने जा रहे हैं तो यूएफएस स्टोरेज को चेक करना बेहद जरूरी है। UFS स्टोरेज जितनी तेज होगी, फोन उतनी ही तेजी से काम करेगा। इसका फायदा कई जगह देखने को मिलता है।
- फोन बहुत जल्दी ऑन होता है।
- ऐप्स तेजी से खुलते हैं।
- गेम जल्दी लोड होते हैं।
- बड़ी फाइलें कुछ ही सेकंड में कॉपी या ट्रांसफर हो जाती हैं।
- एक साथ कई ऐप्स इस्तेमाल करने पर भी फोन स्मूद चलता है।
- 4K या 8K वीडियो रिकॉर्डिंग और एडिटिंग के दौरान बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है।
UFS और eMMC में क्या अंतर है?
आज भी कई बजट स्मार्टफोन में eMMC स्टोरेज मिलती है, जो UFS के मुकाबले काफी धीमी होती है। अगर दोनों की तुलना करें, तो UFS स्टोरेज डेटा को पढ़ने और लिखने का काम कहीं ज्यादा तेजी से करती है। यही वजह है कि UFS वाले फोन ज्यादा फास्ट महसूस होते हैं, जबकि eMMC वाले फोन में ऐप्स खुलने और फाइल ट्रांसफर में ज्यादा समय लग सकता है।
UFS के अलग-अलग वर्जन
- UFS 2.2 – एंट्री-लेवल और मिड-रेंज स्मार्टफोन में आमतौर पर मिलता है।
- UFS 3.1 – फ्लैगशिप और प्रीमियम मिड-रेंज फोन में इस्तेमाल होता है। इसकी स्पीड काफी बेहतर होती है।
- UFS 4.0 – लेटेस्ट और सबसे तेज स्टोरेज टेक्नोलॉजी है, जो हाई-एंड स्मार्टफोन में देखने को मिलती है। इसमें स्पीड के साथ-साथ बिजली की खपत भी कम होती है।
नए फोन में UFS स्टोरेज क्यों चेक करना चाहिए?
अगर आप चाहते हैं कि आपका फोन लंबे समय तक स्मूद चले, ऐप्स तेजी से खुलें और गेमिंग या वीडियो रिकॉर्डिंग का अच्छा अनुभव मिले, तो प्रोसेसर के साथ-साथ UFS स्टोरेज पर भी ध्यान देना चाहिए। कई बार दो फोन में एक जैसा प्रोसेसर होता है, लेकिन जिस फोन में बेहतर UFS स्टोरेज होती है, उसकी परफॉर्मेंस ज्यादा तेज और स्मूद महसूस होती है।
