ग्रेटर नोएडा के बेनेट यूनिवर्सिटी में आयोजित भारत के सबसे बड़े कॉलेज ईस्पोर्ट्स टूर्नामेंट, SKOAR! College Cup (दिल्ली एडिशन) के पहले दिन का समापन बेहद धमाकेदार रहा। टाइम्स नेटवर्क और डिजिट द्वारा प्रस्तुत इस मेगा इवेंट के BGMI LAN फिनाले में देशभर की 16 टॉप कॉलेज टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। घंटों चले इंटेंस कॉम्पिटिशन और आखिरी सर्कल के रोमांच के बाद, Team W2R ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की और प्राइज पूल का एक बड़ा हिस्सा जीत लिया। टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी यानी MVP का खिताब टीम वेलोर (Team Valor) के Juicy को दिया गया। रनर अप की बात करें तो Team Aquila पहले रनर-अप और Team Invincible दूसरे रनर-अप के रूप में उभरे।
पहले ड्रॉप से आखिरी सर्कल तक
LAN इवेंट का माहौल तब और मजेदार हो गया जब दर्शकों से खचाखच भरे वेन्यू में पसंदीदा टीमों के लिए शोर गूंजने लगा। मुकाबले की शुरुआत Team Aquila ने पहले मैच में 'चिकन डिनर' जीतकर की, जिससे उन्होंने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। इसके बाद दूसरे मैच में Redline ने अपनी बेहतरीन टीम कोऑर्डिनेशन से दबदबा बनाया। तीसरे मैच में Team BORG ने बाजी मारी और भीड़ को झूमने पर मजबूर कर दिया। लेकिन असली खेल आखिरी मैच में बदला, जब Team W2R ने न केवल विनर-विनर चिकन डिनर हासिल किया, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में अपने पॉइंट टेबल को टॉप पर बनाए रखा। ईस्पोर्ट्स की दुनिया में जीत उसी की होती है जो हर मैच में टिके रहने का दम रखता है, और Team W2R ने वही कर दिखाया।
क्या है Day 2 का प्लान?
BGMI का रोमांच खत्म होने के बाद अब सबकी नजरें टूर्नामेंट के दूसरे दिन यानी 20 फरवरी पर टिकी हैं। आज बेनेट यूनिवर्सिटी का कैंपस एक हाई-टेक ईस्पोर्ट्स एरिना में बदल चुका है, जहां अब मुकाबला वैलोरेंट (Valorant) का होगा। रॉयट गेम्स के इस पॉपुलर टैक्टिकल शूटर गेम में टीमें अपनी रणनीति और सटीक निशानेबाजी का जौहर दिखाएंगी। वेन्यू पर एक खास 'SKOAR Zone' भी बनाया गया है, जहां लाइव एक्शन देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। होस्ट और कास्टर्स की रियल-टाइम कमेंट्री गेमिंग के उत्साह को दोगुना कर रही है।
