टेक एंड गैजेट्स

स्पैम कॉल से जल्द मिलने वाला है निजात, TRAI लाएगा नए नियम

TRAI On Spam Calls: ट्राई सैटेलाइट आधारित टेलीकॉम सर्विस के लिए स्पेक्ट्रम के प्रशासनिक आवंटन के लिए नियम, शर्तें और अन्य तौर-तरीके तय करने के लिए परामर्श प्रक्रिया एक महीने में शुरू करेगा। लाहोटी ने कहा कि भारत का उपग्रह संचार क्षेत्र ‘फल-फूल रहा है’ और इसमें देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की क्षमता है।

Image

TRAI On Spam Calls

TRAI On Spam Calls: भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने बुधवार को कहा कि दूरसंचार नियामक स्पैम कॉल और अनजान कॉल पर अंकुश लगाने के लिए नियमों की समीक्षा करेगा और उन्हें मजबूत बनाएगा। ट्राई के एजेंडा में स्पैम कॉल पर कार्रवाई टॉप पर है। अनाधिकृत टेलीमार्केटिंग कंपनियों से अनचाहे संचार के बारे में उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच नियामक इस मुद्दे पर अपना रुख सख्त कर रहा है।

इंडिया सैटकॉम-2024

लाहोटी ने ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम (बीआईएफ) द्वारा आयोजित ‘इंडिया सैटकॉम-2024’ के अवसर पर कहा, “हमने स्पैम कॉल पर सर्विस प्रोवाइडर के साथ बातचीत की है और यह हमारी अगली प्राथमिकता है। हम गंभीरता से काम करेंगे...हम अवांछित या स्पैम कॉल के मुद्दे पर जांच सख्त करने के लिए मौजूदा नियमों में लोगों द्वारा पाई जाने वाली किसी भी खामी को दूर करेंगे।”

ट्राई ने मंगलवार को एक बैठक आयोजित कर सर्विस प्रोवाइडर्स और उनके टेलीमार्केटिंग कंपनियों को कड़ा संदेश दिया कि वे वॉयस कॉल का उपयोग कर बड़े पैमाने पर संचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। कार्रवाई के तौर पर नियामक ने सभी हितधारकों, विशेष रूप से एक्सेस सेवा प्रदाताओं (दूरसंचार कंपनियों) और उनके डिलीवरी टेलीमार्केटर्स से सक्रिय कार्रवाई करने की मांग की है।

कॉल के माध्यम से हो रहे स्कैम

तत्काल कार्रवाई के तहत पहचान के लिए तकनीकी समाधान लागू करना और 10 अंक वाले नंबर का उपयोग करके उद्यम ग्राहकों द्वारा ‘एक साथ कई कॉल’ को रोका जाएगा। कॉल के माध्यम से धोखाधड़ी और घोटाले की बढ़ती घटनाओं तथा इनपर कार्रवाई को लेकर लाहोटी ने कहा कि नियामकों की एक संयुक्त समिति इस मुद्दे के समाधान के लिए सामूहिक रूप से काम कर रही है।

परामर्श पत्र जारी करेगा ट्राई

लाहोटी ने कहा, ‘‘अंतरिक्ष आधारित संचार की स्पेक्ट्रम आवश्यकता के संबंध में दूरसंचार अधिनियम में कुछ सैटेलाइट आधारित संचार सेवाओं के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से स्पेक्ट्रम आवंटित करने का प्रावधान है। सरकार ने कुछ उपग्रह आधारित दूरसंचार सेवाओं के लिए स्पेक्ट्रम आवंटित करने की शर्तों पर ट्राई से सिफारिशें मांगने के लिए एक संदर्भ भेजा है।’’ ट्राई जल्द ही इस मामले पर एक परामर्श पत्र जारी करेगा।

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article