गूगल क्रोम ब्राउजर का इस्तेमाल कौन नहीं करता है। जो ऑफिस में काम करता होगा, वह कंप्यूटर पर Chrome का इस्तेमाल करता होगा और जो कंप्यूटर इस्तेमाल नहीं करता है वो स्मार्टफोन पर Chrome का इस्तेमाल करता होगा। Chrome आज दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला वेब ब्राउजर है।
अगर आप दिन का ज्यादातर समय ब्राउजर पर बिताते हैं, तो छोटे-छोटे बदलाव भी आपका काफी समय बचा सकते हैं। ईमेल लिखने से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग तक, रोजमर्रा के काम धीरे-धीरे समय खा जाते हैं। ऐसे में Google Chrome Extension आपके काम को तेज और आसान बना सकते हैं। आइए जानते हैं टॉप-9 क्रोम एक्सटेंशन के बारे में...
AI से मिलेगा स्मार्ट सपोर्ट
Merlin AI एक ऐसा टूल है जो ब्राउज़र में ही ChatGPT जैसा अनुभव देता है। इसके जरिए आप YouTube वीडियो का सार, PDF का विश्लेषण और वेबपेज के मुख्य पॉइंट्स तुरंत निकाल सकते हैं। यह फ्री और पेड दोनों वर्जन में उपलब्ध है।
लिखने में मदद करेगा Grammarly
Grammarly रियल-टाइम एडिटर की तरह काम करता है। यह आपकी स्पेलिंग, ग्रामर और टोन को सुधारता है। Gmail और Google Docs जैसे प्लेटफॉर्म पर यह खासतौर पर उपयोगी है। इसका फ्री वर्जन बेसिक जरूरतों के लिए काफी है।
पासवर्ड की टेंशन खत्म
LastPass आपके सभी पासवर्ड को सुरक्षित तरीके से स्टोर करता है और ऑटो-फिल की सुविधा देता है। यह मजबूत पासवर्ड भी जनरेट कर सकता है और संवेदनशील जानकारी को सुरक्षित रखता है।
आंखों को आराम देगा Dark Reader
लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों पर असर पड़ता है। Dark Reader हर वेबसाइट पर डार्क मोड लागू कर देता है, जिससे रात में काम करना आसान हो जाता है। इसमें ब्राइटनेस और कॉन्ट्रास्ट को कस्टमाइज भी किया जा सकता है।

Google Chrome Dark Reader
रिकॉर्डिंग के लिए आसान टूल
Loom स्क्रीन, वेबकैम और वॉइस को एक साथ रिकॉर्ड करने की सुविधा देता है। यह खासतौर पर छात्रों और ऑनलाइन काम करने वालों के लिए उपयोगी है। रिकॉर्डिंग लिंक के जरिए आसानी से शेयर की जा सकती है।
तेज टाइपिंग के लिए Compose AI
Compose AI आपकी लिखने की स्टाइल को समझकर पूरे वाक्य तक सजेस्ट करता है। इससे ईमेल और मैसेज लिखने का समय काफी कम हो जाता है।
इमेज डाउनलोड करना होगा आसान
Image Downloader किसी भी वेबपेज से एक साथ कई इमेज डाउनलोड करने की सुविधा देता है। आप साइज और क्वालिटी के हिसाब से फिल्टर भी लगा सकते हैं।
शॉपिंग में पैसे बचाए Honey
Honey ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान खुद ही कूपन कोड लगाकर आपको पैसे बचाने में मदद करता है। साथ ही कुछ खरीदारी पर कैशबैक भी मिलता है।
बिना विज्ञापन के स्मूद ब्राउजिंग
Adblock अनचाहे विज्ञापन और पॉप-अप को ब्लॉक करता है, जिससे ब्राउजिंग तेज और बिना रुकावट के होती है।
