पिछले कुछ समय से भारतीय टेक्नोलॉजी वर्ल्ड में स्वदेशी टेक्नोलॉजी का जमकर तहलका मचा हुआ है। फिर चाहे Zoho Corporation का Arratai इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप हो या फिर Zoho Mail हो। अभी इन ऐप्स का क्रेज खत्म नहीं हुआ कि अब एक और स्वदेशी ऐप जमकर सुर्खियों में छाया हुआ है। Zoho Mail के बाद अब स्वेदेशी नेविगेशन ऐप Mappls ने लोगों को दीवाना बना रखा है। Mappls टेक जायंट गूगल के Map से कई मामलों में अलग है। इसमें गूगल मैप से करीब 13 डिफरेंट फीचर्स मिलते हैं जो आपके काम को बेहद आसान बनाने वाले हैं।
सबसे पहले आपको बता दें कि Mappls को MapmyIndia ने डिजाइन किया है। लुक और फीचर्स के मामले में यह नेविगेशन ऐप Google Map को नेक-टू-नेक टक्कर देता है। इस स्वदेशी मैप में आपको कई सारे एडवांस फीचर्स मिलते हैं जो कि यूजर्स को सटीक दिशा, लाइव ट्रैफिक अपडेट और रियल टाइम लोकेशन शेयरिंग करने जैसे फीचर्स उपलब्ध कराता है।
Mappls Pin Feature
Mappls की खास बात यह है कि भारतीय डेटा के हिसाब से काम करता है जिसकी वजह से यूजर्स की प्राइवेसी भी पूरी तरह से सुरक्षित रहती है। इस स्वदेशी मैप का सबसे खास फीचर है इसमें मिलने वाला Mappls Pin, इस फीचर की मदद से मैप किसी भी ऐड्रेस को एक खास कोड में बदल देता है। इसका एक बड़ा फायदा यह है कि इससे किसी भी बड़े ऐड्रेस या फिर अनजान पते को याद रखने की झंझट भी नहीं होगी। बता दें कि Google Map में इस तरह का फीचर यूजर्स को नहीं मिलता है। इस फीचर में आपको सिर्फ किसी को अपना पिन कोड देना है और फिर आपका पूरा पता शेयर हो जाएगा।
Mappls RealView Feature
Mappls का एक और बड़ा खास फीचर इसका RealView है। इस फीचर की मदद से आप किसी भी लोकेशन को 360- डिग्री के साथ पैनोरेमिक व्यू देख पाएंगे। इसकी मदद से आप घर पर बैठे-बैठे किसी भी लोकेशन को रियल व्यू के साथ वर्चुअली देख सकते हैं। यह फीचर काफी हद तक गूगल मैप पर मिलने वाले Google Street View की तरह समझ सकते हैं। हालांकि इस स्वदेशी मैप में भारतीय सड़कों का कवरेज कहीं ज्यादा बेहतर तरीके से दिया गया है।
Data privacy features
आपको बता दें कि Google Map का डेटा ग्लोबल सर्वर पर स्टोर किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ Mappls का सारा डेटा भारत में ही स्टोर किया जाता है। यूजर्स का डेटा भारतीय सीमा के अंदर ही स्टोर और प्रॉसेस होने की वजह से प्राइवेसी पर किसी भी तरह का खतरा नहीं होता है। इसके अलावा इस ऐप में सड़कों का नेटवर्क, नई कॉलोनियां और गली की जानकारी को तेजी से अपडेट किया जाता है।
EV Charging Feature
अगर आपके पास इलेक्ट्रिक व्हीकल है तो आपके लिए Mappls काफी ज्यादा काम आने वाला है। स्वदेशी ऐप में कंपनी ने EV चार्जिंग स्टेशन का रियल टाइम लोकेशन उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही इस ऐप में यूजर्स को सड़क में मौजूद गड्ढे, ट्रैफिक जाम या फिर बड़े खतरनाक मोड़ को भी खास तरह से दिखाया जाता है जिससे आपको सेफ ड्राइविंग में बड़ी सहूलियत मिलने वाली है। कुल मिलाकर कंपनी ने इसे भारतीय ड्राइविंग कंडीशन के हिसाब से तैयार किया है।
Multi-floor navigation feature
मेट्रो सिटी में हाई-राइज बिल्डिंग्स होती हैं। ऐसी जगहों में मैपल्स ऐप आपके लिए काफी यूजफुल होने वाला है। Mappls में कंपनी ने मल्टी फ्लोर बिल्डिंग और अपॉर्टमेंट में पहुंचने के लिए मल्टी फ्लोर फीचर दिया है। यह फीचर खासतौर पर शॉपिंग मॉल्स, ऑफिस कॉम्प्लेक्स और हॉस्पिटल को देखकर डिजाइन किया गया है ताकि बिना समय बर्बाद किए आसानी से सही पते पर पहुंच सकें।
Toll Saving and Route Optimization
Mappls में कंपनी ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ मिलकर खास फीचर दिया है। इसमें आपको टोल प्लाजा और उसमें लगने वाले टैक्स की रियल टाइम जानकारी मिलती है। यह फीचर आपको यह भी बताता है कि कौन सा रूट टोल-फ्री होगा। इससे आपका समय भी बचेगा और पैसे की भी बचत होगी। इस फीचर में आपको छोटे रूट के बारे में भी जानकारी मिलेगी।
Mappls में मिलेंगे ये भी फीचर
मैपल्स में कई सारे काम के फीचर दिए गए हैं. ऊपर बताए गए फीचर्स के अलावा इसमें आपको सेफ्टी अलर्ट फीचर, डिजिटल ऐड्रेसिंग, रीजनल लैंग्वेज सपोर्ट, ट्रेकिंग और शेयरिंग फीचर, कस्टमाइजेबल रूट्स, डेटा सॉवरेन्टी और ऑफलाइन मैप्स का फीचर मिलता है।
