सैमसंग गैलेक्सी S24 सीरीज की जल्द मार्केट में एंट्री होने वाली है। दावा है कि इसे भारत में 17 जनवरी को लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च से पहले सीरीज के कई फीचर्स और कीमत की जानकारी लीक हो गई है। एक लीक्स में दावा किया जा रहा है कि गूगल पिक्सल 8 सीरीज से बाद अब Samsung Galaxy S24 सीरीज को भी AI फोटो एडिटिंग फीचर्स से लैस किया जाएगा। जिसमें वीडियो से ऑब्जेक्ट को इरेज करने की क्षमता भी शामिल है। बता दें कि लाइनअप में गैलेक्सी S24, गैलेक्सी S24+ और गैलेक्सी S24 अल्ट्रा शामिल होंगे।
Samsung Galaxy S24 सीरीज AI फीचर
टिपस्टर आर्सेन ल्यूपिन (@MysteryLupin) ने X (पूर्व में ट्विटर) पर सैमसंग गैलेक्सी S24 सीरीज के साथ एआई का सपोर्ट मिलने का दावा किया है। उन्होंने लिखा, गैलेक्सी S24 सीरीज में गूगल पिक्सल 8 सीरीज के जैसे ही AI फोटो एडिटिंग फीचर्स मिल सकता है। उन्होंने पोस्ट के साथ एक फोटो भी शेयर किया है। फोटो के अनुसार, गैलेक्सी एस24 सीरीज में जेनरेटिव एडिट नाम से एक फीचर मिलेगा। कथित तौर पर इस फीचर के लिए यूजर्स को सैमसंग अकाउंट में लॉगिन करना होगा और इंटरनेट से कनेक्ट होना होगा। इस फीचर को फोटो के साथ वीडियो के लिए भी लाया जा सकता है।
गूगल पिक्सल 8 सीरीज में भी मिलता है फीचर
गूगल पिक्सल 8 सीरीज में पहले से मैजिक एडिटर नाम का एक फीचर मिलता है, जो फोटो को मूव करने, रिमूव करने और जेनेरेटिव फिल जोड़ने की सुविधा देता है। इस फीचर के लिए भी इंटरनेट कनेक्शन की आवश्यकता होती है। सैमसंग का गैलेक्सी एस24 लाइनअप कई अन्य एआई फीचर भी पेश करेगा और जेनरेटिव एडिट फीचर को सभी गैलेक्सी एस24 मॉडल में दिया जाएगा।
लाइव ट्रांसलेट का भी मिल सकता है सपोर्ट
सैमसंग गैलेक्सी S24 सीरीज की लीक्स फोटो में दावा किया गया है कि इसमें एआई के अन्य फीचर्स जैसे लाइव ट्रांसलेट भी मिलेगा। यह फीचर AI की मदद से लाइव फोन कॉल को ट्रांसलेट कर सकता है। इस सीरीज में नाइटोग्राफी जूम फीचर भी मिल सकता है।
