ओपनएआई ने एलन मस्क द्वारा 97.4 अरब डॉलर में कंपनी खरीदने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। कंपनी के बोर्ड चेयरमैन ब्रेट टेलर ने कहा कि मस्क का यह प्रस्ताव उनके प्रतिस्पर्धियों को बाधित करने की एक कोशिश है।
ओपनएआई ने दी आधिकारिक प्रतिक्रिया
टेलर ने सोशल मीडिया मंच X (ट्विटर) पर कहा, "ओपनएआई बिक्री के लिए नहीं है, और बोर्ड ने सर्वसम्मति से मिस्टर मस्क के प्रतिस्पर्धा को बाधित करने के नवीनतम प्रयास को खारिज कर दिया है।"
ओपनएआई के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की ओर से यह भी कहा गया कि "किसी भी तरह का पुनर्गठन ओपनएआई को और अधिक मजबूत करेगा, ताकि आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) का लाभ पूरी मानवता को मिल सके।"
मस्क ने लगाए ओपनएआई पर गंभीर आरोप
गौरतलब है कि एलन मस्क ओपनएआई के सह-संस्थापक रह चुके हैं, लेकिन अब उन्होंने ओपनएआई और इसके सीईओ सैम ऑल्टमैन पर मुकदमा दायर किया है। मस्क ने आरोप लगाया कि ओपनएआई ने प्रतिस्पर्धा को दबाने और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों में संलिप्तता दिखाई है।
मस्क के कानूनी संघर्ष की पृष्ठभूमि
पिछले साल अक्टूबर में मस्क ने ओपनएआई, माइक्रोसॉफ्ट, और अन्य साझेदारों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ओपनएआई ने अपने गैर-लाभकारी स्वरूप को बदलकर एक मुनाफा कमाने वाली कंपनी बना दिया और अपनी बौद्धिक संपदा का हस्तांतरण किया।
हालांकि, ओपनएआई ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि मस्क की यह चौथी कोशिश है, जिसमें वे बार-बार निराधार आरोप दोहरा रहे हैं।
आईएएनस इनपुट के साथ
