टेक एंड गैजेट्स

भारत का सबसे सस्ता AC लॉन्च, कीमत 17 हजार रुपये से भी कम!

यदि आप भी भीषण गर्मी से राहत के लिए कम कीमत में AC चाहते हैं तो आपके लिए भारत का सबसे सस्ता एसी लॉन्च हो गया है। यह एक 3 स्टार इन्वर्टर एसी है जो कि 0.5 टन का है।

Image

भारत का सबसे सस्ता AC, कीमत 17 हजार रुपये से भी कम

घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Oakter ने भारतीय बाजार में अपना नया Studio AC 5000 (2026) मॉडल लॉन्च कर दिया है। यह 0.5 टन क्षमता वाला 3-स्टार इन्वर्टर विंडो AC है, जिसे खासतौर पर छोटे कमरों, स्टूडियो अपार्टमेंट, स्टडी रूम, केबिन और छोटे ऑफिस स्पेस के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी का दावा है कि नया मॉडल पुराने 2025 वर्जन की तुलना में बेहतर कूलिंग टेक्नोलॉजी और ज्यादा ऊर्जा दक्षता के साथ आता है। साथ ही यह भारत का सबसे सस्ता AC है।

इन्वर्टर टेक्नोलॉजी के साथ बेहतर कूलिंग

Oakter Studio AC 5000 (2026) में फिक्स्ड-स्पीड कंप्रेसर की जगह इन्वर्टर आधारित कूलिंग टेक्नोलॉजी दी गई है। कंपनी के अनुसार इससे ज्यादा स्थिर कूलिंग मिलती है और बिजली की खपत भी कम होती है। यह AC करीब 500W बिजली की खपत करता है, यानी लगभग दो घंटे में एक यूनिट बिजली खर्च होती है। कंपनी का दावा है कि इसका रनिंग कॉस्ट करीब 4 रुपये प्रति घंटा पड़ सकता है।

छोटे कमरों के लिए खास डिजाइन

यह नया AC करीब 75 वर्ग फीट तक के कमरे के लिए डिजाइन किया गया है। इसका वजन लगभग 22 किलोग्राम है, जिससे इसे इंस्टॉल करना और संभालना आसान माना जा रहा है। कंपनी ने इसमें नया सर्विस-फ्रेंडली डिजाइन दिया है, ताकि मेंटेनेंस और सर्विसिंग में ज्यादा परेशानी न हो।

सामान्य घरेलू सॉकेट पर करेगा काम

Oakter का कहना है कि यह AC सामान्य 6A घरेलू पावर सॉकेट पर भी चल सकता है। इसके लिए अलग से भारी इलेक्ट्रिकल सेटअप की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा यह 1200VA प्योर-साइन वेव इन्वर्टर पर भी काम कर सकता है, जिससे बिजली कटौती वाले इलाकों में भी उपयोग आसान हो जाएगा।

मिलेंगे कई खास फीचर्स

Studio AC 5000 (2026) में एंटी-डस्ट फिल्टर, लो-नॉइज ऑपरेशन और CWRC कूलिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार CWRC सिस्टम यूनिट से बाहर पानी टपकने की समस्या को कम करने में मदद करता है। यह AC गर्म और उमस भरे मौसम में भी बेहतर कूलिंग देने के लिए तैयार किया गया है।

कीमत और उपलब्धता

Oakter Studio AC 5000 (2026) मॉडल की लॉन्च कीमत 14,499 रुपये रखी गई है, जिसमें GST अलग से देना होगा। GST के साथ इसकी कीमत 16,999 रुपये पहुंच जाती है, हालांकि इसके बाद भी यह भारत का सबसे सस्ता एसी कहा जाएगा। इसकी बिक्री कंपनी की वेबसाइट के अलावा ई-कॉमर्स साइट से भी हो रही है।

Oakter के अलावा 20 हजार रुपये की रेंज में Voltas का भी 0.80 Ton वाला 2 स्टार विंडो एसी मार्केट में है जिसकी कीमत 18,291 रुपये है। वहीं Blue Star का भी 1 Ton वाला 2 स्टार विंडो एसी 19,430 रुपये का है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article