सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गया है। अमेरिका के टेनेसी (Tennessee) स्टेट में मेटा प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ एक बड़ा मुकदमा शुरू हुआ है। आरोप है कि कंपनी ने इंस्टाग्राम को कुछ इस तरह डिजाइन किया कि यूजर्स, खासकर किशोर (Teenagers) ज्यादा से ज्यादा समय तक इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हैं। स्टेट का दावा है कि मेटा ने प्लेटफॉर्म से जुड़े संभावित मानसिक स्वास्थ्य प्रभावों के बारे में पूरी जानकारी पब्लिक नहीं की और ऐसे फीचर्स का इस्तेमाल जारी रखा जो युवाओं में लत (Addiction) जैसी स्थिति पैदा कर सकते हैं।
क्या हैं Meta पर लगे आरोप?
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, टेनेसी के अटॉर्नी जनरल ने आरोप लगाया है कि मेटा ने इंस्टाग्राम में ऐसे फीचर्स शामिल किए, जो यूजर्स को बार-बार ऐप खोलने और लंबे समय तक इस्तेमाल करने के लिए उकसाते हैं। आरोपों में ऑटोप्ले (Autoplay), बार-बार आने वाले नोटिफिकेशन, गायब होने वाला कंटेंट (Disappearing Content) और लगातार कंटेंट दिखाने वाले डिजाइन जैसे फीचर्स का जिक्र किया गया है। स्टेट का कहना है कि कंपनी के पास ऐसी इंटरनल रिसर्च मौजूद थी, जिनमें किशोरों पर प्लेटफॉर्म के संभावित नकारात्मक प्रभावों की जानकारी थी, लेकिन इन तथ्यों को स्पष्ट रूप से पेश नहीं किया गया।
Meta ने क्या कहा?
मेटा के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि कंपनी ने पहले से ही ऐसे इन-बिल्ट सुरक्षा फीचर्स तैयार किए हैं, जो हर दिन सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले टेनेसी के लाखों किशोरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।
मेटा के प्रवक्ता ने कहा, "हम चाहते हैं कि किशोर सुरक्षित माहौल में सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें। यही वजह है कि पिछले एक दशक में हमने किशोरों के लिए उनकी उम्र के अनुरूप सुरक्षित डिफॉल्ट सेटिंग्स डेवलप की हैं। साथ ही, माता-पिता के लिए भी ऐसे आसान टूल्स उपलब्ध करवाए गए हैं, जिनकी मदद से वे अपने परिवार के लिए उचित सीमाएं और सुरक्षा नियम तय कर सकते हैं।"
अदालत लेगी अपना फैसला
इस मुकदमे में अदालत यह तय करेगी कि क्या मेटा ने स्टेट के उपभोक्ता संरक्षण कानूनों का उल्लंघन किया है कि नहीं। अगर कंपनी दोषी पाई जाती है, तो उस पर आर्थिक जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही अदालत भविष्य में इंस्टाग्राम के कुछ फीचर्स में बदलाव करने के निर्देश भी दे सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सुनवाई कई सप्ताह तक चल सकती है।
टेनेसी का यह मामला किसी स्टेट द्वारा मेटा के खिलाफ दायर मुकदमों में दूसरा ट्रायल है। इससे पहले न्यू मैक्सिको में भी मेटा के खिलाफ मुकदमा चल चुका है। वहां जूरी ने फैसला सुनाते हुए कहा था कि कंपनी ने अपने Facebook, Instagram और WhatsApp प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को लेकर उपभोक्ताओं को गुमराह किया। इस मामले में जूरी ने न्यू मैक्सिको के पक्ष में फैसला देते हुए 375 मिलियन डॉलर का हर्जाना देने का आदेश दिया था।
