टेक एंड गैजेट्स

Meta ने Instagram से हटाया AI इमेज फीचर, यूजर्स के विरोध के बाद लिया बड़ा फैसला

AI तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही लोगों की पहचान, तस्वीरों और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आ रही है। Meta का यह फैसला दिखाता है कि यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर बढ़ती चिंताओं को अब बड़ी टेक कंपनियां भी गंभीरता से लेने लगी हैं।

Image

Meta ने Instagram से हटाया AI इमेज फीचर, यूजर्स के विरोध के बाद लिया बड़ा फैसला

Meta को अपने नए AI इमेज जनरेशन फीचर Muse Image को लॉन्च करने के कुछ ही दिनों बाद बड़ा झटका लगा। प्राइवेसी को लेकर बढ़ते विरोध और आलोचना के बाद कंपनी ने Instagram से जुड़ा यह फीचर हटा दिया है। इस फीचर के जरिए कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक Instagram अकाउंट को प्रॉम्प्ट में टैग करके उसकी AI तस्वीर तैयार कर सकता था। सोशल मीडिया पर भारी विरोध के बाद Meta ने आखिरकार इसे बंद करने का फैसला लिया।

Meta ने ब्लॉग पोस्ट में मानी गलती

शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट में Meta ने कहा कि उसका उद्देश्य लोगों को एक उपयोगी क्रिएटिव टूल देना था और यह विकल्प उपलब्ध कराना था कि उनका सार्वजनिक कंटेंट AI के लिए इस्तेमाल किया जा सके या नहीं। हालांकि कंपनी ने स्वीकार किया कि यूजर्स की प्रतिक्रिया के बाद उसे एहसास हुआ कि यह फीचर सही दिशा में नहीं था। Meta ने कहा, "हमें मिले फीडबैक से स्पष्ट हुआ कि यह फीचर लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा, इसलिए इसे अब हटा दिया गया है।" हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया कि Muse Image पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। AI इमेज जनरेशन टूल पहले की तरह उपलब्ध रहेगा, लेकिन Instagram अकाउंट के जरिए किसी व्यक्ति की AI तस्वीर बनाने वाला फीचर अब नहीं रहेगा।

आखिर क्यों हुआ इतना विरोध?

सबसे बड़ी आपत्ति इस बात को लेकर थी कि सभी Public Instagram Accounts इस फीचर के लिए डिफॉल्ट रूप से Opt-in थे। यानी यदि कोई यूजर नहीं चाहता था कि उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल AI इमेज बनाने में हो, तो उसे खुद जाकर सेटिंग्स में इसकी अनुमति हटानी पड़ती थी।

इसके अलावा Meta किसी यूजर को यह भी नहीं बताता था कि किसी ने उसके Instagram अकाउंट का इस्तेमाल करके AI इमेज बनाई है। इससे लोगों को बिना अनुमति उनकी तस्वीरों के इस्तेमाल और संभावित दुरुपयोग का डर सताने लगा, हालांकि कंपनी ने निजी (Private) अकाउंट और 18 वर्ष से कम उम्र के यूजर्स के अकाउंट को इस फीचर से बाहर रखा था।

अब AI चैटबॉट देगा साफ इनकार

Meta के फैसले के बाद अब यदि कोई व्यक्ति Meta AI में किसी के Instagram अकाउंट को टैग करके AI तस्वीर बनाने की कोशिश करेगा, तो AI चैटबॉट ऐसा करने से इनकार कर देगा। इसके साथ ही Meta ने Instagram की सेटिंग्स से "Allow people to reuse your content on Instagram and with AI features on Meta" नाम का विकल्प भी हटा दिया है।

हॉलीवुड से भी उठा था विरोध

इस फीचर का विरोध केवल आम यूजर्स तक सीमित नहीं रहा। हॉलीवुड की प्रमुख टैलेंट एजेंसी CAA, जो टॉम क्रूज़, ज़ेंडाया और मेरिल स्ट्रीप जैसे सितारों का प्रतिनिधित्व करती है, ने भी Meta की आलोचना की थी। एजेंसी का कहना था कि AI में किसी व्यक्ति की तस्वीर या पहचान का इस्तेमाल डिफॉल्ट रूप से बंद होना चाहिए और यदि कोई व्यक्ति इसकी अनुमति देना चाहता है, तो उसे Opt-in का विकल्प मिलना चाहिए।

AI फीचर्स को लेकर पहले भी घिर चुकी हैं कंपनियां

Meta पहली टेक कंपनी नहीं है जिसे AI इमेज या वीडियो फीचर को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले OpenAI को भी अपने Sora 2 वीडियो मॉडल में Opt-out व्यवस्था को लेकर सवालों का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद कंपनी ने अपनी नीतियों में बदलाव किया। वहीं xAI का Grok Imagine मॉडल भी कुछ महीने पहले विवादों में आया था, जब उस पर लोगों की तस्वीरों में अनुचित बदलाव करने के आरोप लगे थे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article