टेक एंड गैजेट्स

मेटा पर यूरोपीय संघ ने 10.2 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया, फेसबुक से जुड़ा है मामला

Meta fined by European Union: कंपनी ने बयान में कहा, "इस बात का कोई सबूत नहीं है कि इन पासवर्ड का दुरुपयोग किया गया था या अनुचित तरीके से उन तक पहुंच बनाई गई थी। हम इस मामले की जांच के दौरान आयरिश डेटा सुरक्षा आयोग के साथ सार्थक रूप से जुड़े रहे।"

Image

Meta fined by European Union

Meta fined by European Union: दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा पर फेसबुक उपयोगकर्ताओं के पासवर्ड से जुड़ी सुरक्षा चूक के मामले में यूरोपीय संघ के गोपनीयता नियामक ने शुक्रवार को 10 करोड़ डॉलर से अधिक का जुर्माना लगाया। आयरिश डेटा सुरक्षा आयोग ने अपने आदेश में कहा कि उसने इस मामले की जांच के बाद अमेरिकी कंपनी मेटा पर 9.1 करोड़ यूरो यानी 10.16 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया है।

यूरोपीय संघ के नियामक ने इस मामले की जांच 2019 में शुरू की थी। उस समय मेटा ने उसे सूचित किया था कि फेसबुक के कुछ उपयोगकर्ताओं के पासवर्ड अनजाने में आंतरिक रूप से संग्रहीत हो गए थे। इसका मतलब है कि उन पासवर्ड को फेसबुक के कर्मचारी आसानी से खोज सकते थे। आयोग के उपायुक्त ग्राहम डॉयल ने कहा कि दुरुपयोग का जोखिम देखते हुए उपयोगकर्ता के पासवर्ड को बिना किसी कोड के संग्रहीत नहीं किया जाना चाहिए।

फेसबुक पर पासवर्ड के दुरुपयोग का आरोप

मेटा ने इस फैसले पर अपनी टिप्पणी में कहा कि सुरक्षा समीक्षा में इस 'गलती' को पकड़ लिया गया था और कंपनी ने इसे ठीक करने के लिए तत्काल कार्रवाई की थी। कंपनी ने बयान में कहा, "इस बात का कोई सबूत नहीं है कि इन पासवर्ड का दुरुपयोग किया गया था या अनुचित तरीके से उन तक पहुंच बनाई गई थी। हम इस मामले की जांच के दौरान आयरिश डेटा सुरक्षा आयोग के साथ सार्थक रूप से जुड़े रहे।"

फेसबुक और व्हाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया मंचों का संचालन करने वाली कंपनी मेटा पर लगा यह नवीनतम जुर्माना है। इससे पहले किशोरों के आंकड़े गलत तरीके से संभालने के लिए इंस्टाग्राम पर 40.5 करोड़ यूरो, व्हाट्सऐप पर 55 लाख यूरो का जुर्माना और ट्रांसअटलांटिक आंकड़े भेजने के लिए मेटा पर 1.2 अरब यूरो का जुर्माना लगा है।

इनपुट-एपी

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article