हाल ही में आम आदमी पार्टी के सासंद राघव चड्ढा ने रिचार्ज प्लान को लेकर संसद में एक अहम मुद्दा उठाया था। राघव चड्ढा ने कहा था कि जब एक महीना 30 या 31 दिन का होता है तो टेलीकॉम कंपनियां जैसे जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया 28 दिनों वाले प्लान क्यों लाती हैं?
टेलीकॉम कंपनियों के लिए एक साल में 13 महीने
एक साल में 12 महीने ही होते हैं लेकिन टेलीकॉम कंपनियों के लिए यह 13 महीने हो जाते हैं, क्योंकि ये कंपनियां 28 दिन का ही रिचार्ज प्लान पेश करती हैं। राघव चड्ढा की इस मांग को सरकार ने गंभीरता से लिया और कहा कि इस संबंध में टेलीकॉम कंपनियों से बात की जाएगी।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि सरकार टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन वाले प्लान को ज्यादा प्रमोट करने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे प्लान पहले से मौजूद हैं, लेकिन उनकी जानकारी और प्रचार को बढ़ाने की जरूरत है ताकि उपभोक्ताओं को सही विकल्प मिल सके।
जियो ने लॉन्च किया एक महीने वाला सस्ता प्लान
अब सरकार के हस्तक्षेप के बाद रियायंस जियो ने एक 339 रुपये का प्री-पेड प्लान लॉन्च किया है। इस प्लान को जियो ने 4 अप्रैल 2026 को लॉन्च किया है। जियो के इस प्लान में पूरे एक महीने की वैधता मिलती है यानी जिस तारीख को आप रिचार्ज कराएंगे, अगले महीने उसी तारीख को रिचार्ज की वैधता खत्म होगी।
जियो के 339 रुपये वाले प्लान के फायदे
जियो के इस प्लान में रोज 1.5 जीबी डेटा मिलेगा। इसके अलावा इसमें 14.95 रुपये का टॉकटाइम भी मिलेगा। इस प्लान के साथ सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा JioAICloud का भी सब्सक्रिप्शन मिल रहा है। साथ में रोज 100 SMS भी मिल रहे हैं।
Google Gemini Pro
जियो के इस प्लान में गूगल जेमिनी प्रो का भी 18 महीने के लिए सब्सक्रिप्शन मिल रहा है जिसकी कीमत 35,100 रुपये है। साथ में 5000GB क्लाउड स्टोरेज भी मिल रही है। तो कुल मिलाकर कहें तो जियो का यह प्लान जियो का यह प्लान 324.05 रुपये का ही है, क्योंकि 14.95 रुपये का तो टॉकटाइम भी मिल रहा है।
